
पुलिस कंट्रोल रूम, सागर
दिनांक : 18.03.2025
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सागर पुलिस का प्रेरणादायी आयोजन
महिला पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों को मिला सम्मान
सागर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज दिनांक 18.03.2025 को पुलिस कंट्रोल रूम सागर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें महिला सशक्तिकरण एवं समाज में महिलाओं की भूमिका को केंद्र में रखकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा, परिवीक्षा उप पुलिस अधीक्षक प्रतिमा जैन, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी रीपा जैन (पॉक्सो एक्ट) सहित निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही समाजसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिसमें एनजीओ आवाज से सुश्री मालती पटैल, युवा विकास मंडल से श्रीमति प्रमिला मौर्य एवं श्रमशक्ति महिला सेवा समिति से श्रीमति रेखा राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएँ पुलिस सेवा में न केवल महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभा रही हैं, बल्कि अपराधों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिनमें उन्होंने ड्यूटी के चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद समाज सेवा के प्रति अपने समर्पण को व्यक्त किया। यह बताया गया कि महिलाएँ अपने साहस, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के माध्यम से समाज में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को निरंतर मजबूत कर रही हैं।
इस अवसर पर उन महिला कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्थानीय कुरीतियों, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न एवं अन्य महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में उत्कृष्ट कार्य किया है। उनके इस सराहनीय योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि महिला पुलिसकर्मी न केवल कानून व्यवस्था की सुदृढ़ कड़ी हैं, बल्कि वे समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत भी हैं। वे यह सिद्ध कर रही हैं कि पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भी देश सेवा के कर्तव्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाया जा सकता है।
अंत में महिला सशक्तिकरण, महिला सम्मान एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“सशक्त महिला – सुरक्षित समाज” ✨











