नवरात्रि से एक दिन पहले सागर के बूढ़ी रानगिर माता मंदिर के पास प्रसाद की दुकान में ब्लास्ट, 11 वर्षीय बालिका गंभीर

नवरात्रि से एक दिन पहले सागर के बूढ़ी रानगिर माता मंदिर से 50 मीटर दूर प्रसाद की दुकान में ब्लास्ट, 11 वर्षीय बालिका गंभीर, भोपाल रेफर

सागर। नवरात्रि पर्व से ठीक एक दिन पहले जिले के सुरखी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध बूढ़ी रानगिर माता मंदिर परिसर से 50 मीटर दूर हुए ब्लास्ट से हड़कंप मच गया।

इस घटना में एक 11 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बूढ़ी माता मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान पर अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में प्रसाद विक्रेता 60 वर्षीय राधे श्याम रैकवार, उनकी पत्नी 55 वर्षीय अशोक रानी और उनकी 11 वर्षीय नातिन घायल हो गए।
घायल राधे श्याम रैकवार ने बताया कि बूढ़ी माता मंदिर परिसर के पास स्थित उनकी दुकान एक अज्ञात व्यक्ति साउंड बॉक्स नुमा एक डिब्बा छोड़ गया था। काफी देर तक जब कोई उसे लेने नहीं आया, तो उन्होने उसे दुकान के एक तरफ रख दिया। इसी दौरान उनकी नातिन ने उसे चालू किया, तभी जोरदार विस्फोट हो गया।
ब्लास्ट इतना तेज था कि उसकी आवाज 2 से 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां 11 वर्षीय बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही बम निरोधक दस्ते और एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है।
गौरतलब है कि रानगिर माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और यहां विशाल मेला लगता है।

इधर, मंदिर के पुजारी विनोद शास्त्री को एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा मैसेज मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसमें कथित रूप से मंदिर परिसर में ब्लास्ट की चेतावनी दी गई थी। हालांकि इस वायरल मैसेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Read More