एक ही प्रकरण के दो फरार सगे भाई गिरफ्तार — पहले फरार को जयपुर से किया गया था गिरफ्तार के आज दूसरा शनिचरी से पैरोल जंपर भी पुलिस के शिकंजे में

थाना गोपालगंज, जिला सागर
दिनांक : 20/03/2026

एक ही प्रकरण के दो फरार सगे भाई गिरफ्तारपहले फरार को जयपुर से किया गया था गिरफ्तार के आज दूसरा शनिचरी से पैरोल जंपर भी पुलिस के शिकंजे में

आरोपी पर 30 हजार का इनाम था घोषित

सागर। जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना गोपालगंज पुलिस ने एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 15 वर्षों से पैरोल जंप कर फरार चल रहे 30 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उसी प्रकरण की कड़ी है, जिसमें कुछ दिन पूर्व उसके सगे भाई एवं ₹30,000 के इनामी आरोपी को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस अधीक्षक  विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  लोकेश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक  ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गोपालगंज  घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2011 से फरार पैरोल जंपर आरोपी अब्दुल जाहिद पिता अब्दुल बाहिद निवासी शनिचरी चौगना थाना गोपालगंज, जिला सागर को आज दिनांक 20.03.2026 को गिरफ्तार किया गया।

15 वर्षों से पुलिस को दे रहा था चकमा

उल्लेखनीय है कि आरोपी अब्दुल जाहिद वर्ष 2011 में सेंट्रल जेल सागर से पैरोल पर रिहा हुआ था, किन्तु नियत अवधि पूर्ण होने के बाद भी वह वापस जेल नहीं लौटा और तभी से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और पुलिस को भ्रमित करता रहा।
इसी प्रकरण में उसका सगा भाई अब्दुल राशिद, जो ₹30,000 का इनामी आरोपी था, को हाल ही में गोपालगंज पुलिस द्वारा जयपुर (राजस्थान) से सुनियोजित एवं फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया गया था। भाई की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस आरोपी की तलाश और तेज कर दी थी।

ईद से पहले घर आने की फिराक—मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
तलाश के दौरान उपनिरीक्षक नीरज जैन को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी ईद के पहले अपने पुराने ठिकाने शनिचरी क्षेत्र में आने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर क्षेत्र में गुप्त निगरानी शुरू की।
हनुमान अखाड़ा क्षेत्र में सटीक घेराबंदी, फिल्मी अंदाज में दबोचा
हनुमान अखाड़ा क्षेत्र में बारीकी से निगरानी के दौरान खिन्नी के पेड़ के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो नीले रंग की शर्ट पहने और लाठी के सहारे चल रहा था। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये से मिलान होने पर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रारंभ में अपनी पहचान छुपाने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस की सख्त एवं तकनीकी पूछताछ के आगे टिक नहीं सका और अंततः उसने अपना नाम अब्दुल जाहिद होना स्वीकार कर लिया। उसने यह भी बताया कि वह वर्ष 2011 से पैरोल जंप कर फरार है।

विधिवत गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्यवाही

आरोपी को दिनांक 20.03.2026 को समय 12:25 बजे गवाहों के समक्ष विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को थाना लाकर हवालात में रखा गया है तथा उसकी फोटो, फिंगरप्रिंट एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण हेतु भी भेजा जा रहा है एवं परिजनों को सूचना दी जा रही है।

टीम का सराहनीय योगदान
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में
थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा
उप निरीक्षक नीरज जैन
कंट्रोल रूम से उप निरीक्षक आरकेएस चौहान
प्रधानआरक्षक दीपक व्यास ,अनिल प्रभाकर , गौतम , यशवंत यादव ,कैलाश सेन ,अशोक, मोहन सिंह राजपूत ,हरि ओम,जय सिंह, राधेश्याम, आरक्षक आशीष, मनीष , हीरेंद्र ,आनंद , अंकित तिवारी,भरत अहिरवार देवेंद्र पांडे
साइबर सेल से सौरभ एवं उनकी टीम

की सराहनीय भूमिका रही।

निष्कर्ष
एक ही प्रकरण में फरार दोनों सगे भाइयों—पहले जयपुर से इनामी आरोपी एवं अब 15 वर्षों से फरार पैरोल जंपर—की गिरफ्तारी यह सिद्ध करती है कि सागर पुलिस की सतत निगरानी, सटीक रणनीति और मजबूत टीमवर्क के सामने अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है।
यह कार्रवाई न केवल पुलिस की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि आमजन में कानून के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है।
— थाना गोपालगंज, जिला सागर

Leave a Comment

Read More