
मकरोनिया में ‘आरोग्य क्रांति’ का शंखनाद: विधायक प्रदीप लारिया ने किया व्यायाम शाला का भूमिपूजन
सागर/20.30.2026: विकास की राह पर अग्रसर नगरपालिका मकरोनिया अब युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गढ़ने की दिशा में एक नई इबारत लिख रही है। शुक्रवार को नगर के वार्ड क्रमांक 1 (सेमराबाग) में नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया द्वारा 5 लाख 41 हजार की लागत से निर्मित होने वाली अत्याधुनिक ‘व्यायाम अखाड़ा शाला’ का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री लारिया ने कहा कि व्यायाम केवल शरीर बनाने का साधन नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक विशिष्ट जीवनशैली है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “यह व्यायाम शाला हमारी जड़ों से जुड़ने और क्षेत्र में आरोग्य क्रांति का सूत्रपात करने का माध्यम बनेगी। हमारा उद्देश्य केवल अधोसंरचना का विकास करना नहीं, बल्कि अपनी ‘तरूणायी’ (युवा शक्ति) को अनुशासित, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाना है ताकि वे भविष्य के जागरूक नागरिक बन सकें।”
यह आयोजन इस बात का प्रतीक रहा कि विधायक श्री लारिया के विजन में केवल कंक्रीट का विकास नहीं, बल्कि मानव संसाधन का विकास भी सर्वोपरि है। आधुनिक चकाचौंध के बीच पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति को पुनर्जीवित करने का यह प्रयास स्थानीय युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विकास की इस साझा यात्रा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि साक्षी बने।
जिसमें मुख्यतः नपाध्यक्ष श्री मिहीलाल, सीएमओ श्री पवन शर्मा, स्थानीय पार्षदगण, ज्येष्ठ- श्रेष्ठ भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
यह परियोजना मकरोनिया के सर्वांगीण विकास में एक नया अध्याय जोड़ती है, जहाँ ईंट-पत्थरों के निर्माण के साथ-साथ एक स्वस्थ और सबल पीढ़ी के निर्माण की नींव भी रखी गई है।











