
विश्वविद्यालय: विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत योग शिक्षा विभाग में सूर्योपासना कार्यक्रम का किया गया आयोजन
विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्रातः 6:30 से 8:30 बजे तक डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के योग शिक्षा विभाग में सूर्योपासना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. वाय एस ठाकुर के निर्देशन तथा योग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार जैन के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः कालीन सूर्योपासना से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर विक्रम संवत नववर्ष के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न वैदिक स्तुतियों एवं मंत्रोच्चारण प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।
इसके पश्चात विभाग के प्राध्यापकों ने भारतीय संस्कृति में सूर्योपासना के महत्व, स्वास्थ्य लाभ तथा विक्रम संवत नववर्ष की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक प्रासंगिकता पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति एवं योग परंपरा को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।











