प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कराधान, न्यायिक प्रक्रियाओं और शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किये-भूपेन्द्र सिंह

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कराधान, न्यायिक प्रक्रियाओं और शिक्षा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किये-भूपेन्द्र सिंह

सागर। पूर्व गृहमंत्री, वरिष्ठ विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि देश की युवा आबादी भारत की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रही है और आने वाले दो दशकों में यही युवा शक्ति देश की अर्थव्यवस्था, उत्पादकता और समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत की औसत आयु लगभग 28 वर्ष है, जो इसे विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देशों में शामिल करती है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि ‘वाशिंगटन एग्जामिनर की एक रिपोर्ट में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कराधान, न्यायिक प्रक्रियाओं और शिक्षा क्षेत्र में कई सुधार किए हैं। इन सुधारों का उद्देश्य संरचनात्मक बाधाओं को दूर करना और दीर्घकालिक विकास को बनाए रखना है। रिपोर्ट के अनुसार, आर्थिक इतिहास ने दिखाया है कि कोई भी देश मजबूत पूंजी निवेश, श्रम आपूर्ति का विस्तार और प्रौद्योगिकी उन्नति के माध्यम से मध्य-आय जाल से बच सकता है।’ तुलनात्मक रूप से अमेरिका की औसत आयु लगभग 38 वर्ष तथा चीन की करीब 41 वर्ष है, जबकि भारत की युवा आबादी उसे एक विशिष्ट प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करती है। आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में युवा कार्यबल में शामिल होंगे, जिससे उत्पादक श्रम की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी और देश के भीतर उपभोक्ता बाजार का भी तेजी से विस्तार होगा।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह जनसांख्यिकीय लाभ भारत को उच्च आर्थिक विकास दर बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो सकता है। वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन में हो रहे बदलाव भारत के लिए बड़े अवसर लेकर आए हैं। विशेष रूप से पश्चिमी देश, खासकर अमेरिका, चीन पर निर्भरता कम कर रहे हैं, जिससे भारत एक वैकल्पिक विनिर्माण और निवेश केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत का मजबूत डिजिटल इकोसिस्टम लाखों लोगों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ रहा है, जिससे आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता और विस्तार दोनों बढ़े हैं। साथ ही, देश में विकसित हो रही उद्यमिता संस्कृति को वेंचर कैपिटल का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो नवाचार और रोजगार सृजन को गति दे रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए संरचनात्मक सुधार और बढ़ती युवा शक्ति का समन्वय भारत को दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती प्रदान करेगा और देश को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

Read More