आर.आई. इ. (भोपाल) में दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण सम्पन्न

आर.आई. इ. (भोपाल) में दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण सम्पन्न

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर, के शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा एम.एड. के छात्रों हेतु दो दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का सफल आयोजन 16 एवम् 17 मार्च को किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत विभाग के विद्यार्थियों ने भोपाल के शैक्षिक संस्थानों का अवलोकन कर अपने ज्ञान को समृद्ध किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों ने रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, भोपाल का भ्रमण किया। यहाँ भ्रमण की शुरुआत पुस्तकालय से हुई, जहाँ विद्यार्थियों ने उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अवलोकन किया। इसके पश्चात विभागाध्यक्ष के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ईटी लैब, एजुकेशनल स्टूडियो, आईसीटी लैब तथा स्टीम पार्क का भी भ्रमण किया और वहाँ उपलब्ध आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। इस अनुभव ने विद्यार्थियों की शैक्षिक समझ को और अधिक परिष्कृत किया।
द्वितीय दिवस पर विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश राज्य संग्रहालय तथा जनजातीय संग्रहालय भोपाल का भ्रमण किया। इन संग्रहालयों में विद्यार्थियों ने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, कला एवं जनजातीय जीवन शैली के विविध आयामों को करीब से जाना, जिससे उनके ज्ञान और दृष्टिकोण में व्यापक विस्तार हुआ। इस शैक्षिक भ्रमण के कार्यक्रम निदेशक प्रोफेसर अनिल कुमार जैन, अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष, शिक्षाशास्त्र विभाग, रहे। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रश्मि जैन थीं, जबकि समन्वयक के रूप में डॉ. पुष्पिता राजावत एवं डॉ. रजनीश अग्रहरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त विभाग के शोधार्थी सुश्री शशि यादव एवं श्री प्रशान्त कुमार द्विवेदी ने भी इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस भ्रमण में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में चूर्णिका, अखिलेश्वर, संदीप, कीर्तिका, गायत्री, रिजवाना, वीर बहादुर, अंशिका, प्रतीक्षा, राहुल, विपिन, रिया, अहमद, यामिनी, एवं प्रदीप शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों ने इस अध्ययन यात्रा को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Leave a Comment

Read More