एक ही छत के नीचे उपलब्ध पुस्तकें, स्टेशनरी और यूनिफॉर्म – कलेक्टर संदीप जी आर

कलेक्टर ने किया 6 दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ

एक ही छत के नीचे उपलब्ध पुस्तकें, स्टेशनरी और यूनिफॉर्म – कलेक्टर

कलेक्टर ने पुस्तक मेले में बच्चों एवं अभिभावकों से किया संवाद

पुस्तक मेले में स्कूली पाठ्यक्रम सहित नीट-जेईई की पुस्तकें उपलब्ध

कलेक्टर ने अभिभावकों से अधिक से अधिक पुस्तक मेले का लाभ लेने की अपील की

सागर, 23 मार्च 2026

नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पूर्व विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री सुलभ एवं उचित दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महारानी लक्ष्मी विद्यालय क्रमांक 1, सागर में 6 दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ कलेक्टर  संदीप जी आर द्वारा किया गया। यह मेला 23 मार्च से 28 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3.30 बजे से रात्रि 7.30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर एसडीएम  अमन मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी  अरविंद जैन, डा. देवेन्द्र चौबे,  संजय दादर, प्राचार्य  विनय दुबे, असि.सहा.  एम.के. चढ़ार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर  संदीप जी आर ने कहा कि इस पुस्तक मेले के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को एक ही छत के नीचे पुस्तकें, स्टेशनरी, स्कूल यूनिफॉर्म, जूते एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह पहल अभिभावकों की सुविधा एवं आर्थिक राहत को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े और प्रतिस्पर्धी दरों पर सामग्री आसानी से प्राप्त हो सके।

मेले के दौरान कलेक्टर संदीप जी आर ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावकों से फीडबैक लेते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समय की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। बच्चों ने भी मेले में उपलब्ध विविध पुस्तकों एवं सामग्री को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

इस पुस्तक मेले की विशेषता यह है कि यहां स्कूली पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट एवं जेईई मेन्स से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा और वे अपनी तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री एक ही स्थान से प्राप्त कर सकेंगे।

कलेक्टर  संदीप जी आर ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पुस्तक मेले का लाभ लें और अपने बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री यहीं से क्रय करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार किसी भी निजी विद्यालय द्वारा अभिभावकों को किसी विशेष विक्रेता से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। अतः अभिभावक स्वतंत्र रूप से अपनी सुविधा अनुसार खरीदारी कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी विक्रेताओं से भी निर्धारित समय पर स्टॉल लगाकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment

Read More