
शासन की हितकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित
सीएम हेल्पलाइन की सभी शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करे
बैंकर्स चालू वित्तीय वर्ष के सभी प्रकरणों करें निराकरण
- जिला पंचायत सीईओ
सागर 23 मार्च 2026
शासन की हितकारी योजनाओं से मार्च माह के अंत तक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें, अधिकारी अपने विभागों में लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें, बैंकर्स चालू वित्तीय वर्ष के सभी प्रकरणों निराकरण करें। उक्त निर्देश जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी ने समय सीमा बैठक में दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगर पालिका के सीएमओ सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
समय सीमा बैठक में जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी ने निर्देश दिए कि शासन की लोक हितकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कर लक्ष्य पूरा करे। उन्होंने निर्देश दिए की जन्म प्रमाण पत्र का वितरण गर्भवती माता के डिस्चार्ज होने के समय ही दिया जाए। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि राजस्व अधिकारी नामांकन, बटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण कर पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने निर्देश दिए कि न्यायालय में लंबित सभी मामलों का निराकरण जवाब दावा समय पर प्रस्तुत किए जाएं ऐसा न करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही की जाए।
जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी ने आज सोमवार को समय सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग प्रमुख एवं जिला अधिकारी अपने-अपने विभागों में लंबित प्रकारणों का निराकरण समय सीमा में करें, जल्द निराकृत होने वाले प्रकरणों को बिना की गतिरोध के पूर्ण करें साथ ही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को भी समानांतर रूप से निराकृत करते रहें। उन्होंने कहा कि अपने अपने अधिनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रत्येक सप्ताह के हिसाब से लक्ष्य देकर कार्य करवाएं ताकि समय सीमा बैठक में प्रगति दिखे। इस दौरान उन्होंने समय सीमा प्रपत्रों की भी समीक्षा की।
जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी ने कहा कि बैंकर्स चालू वित्तीय वर्ष के सभी प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण कर शासन की योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित करें। जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में बैंकर्स द्वारा सहमति प्रदान कर दी गई है, उनमें वित्त पोषण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों में कमियां पाई गई थीं और उन्हें सुधार कर पुनः बैंकों को भेजा गया है, उन सभी प्रकरणों पर भी शीघ्र निर्णय लेकर स्वीकृति प्रदान की जाए जैसी इस चालू वित्तीय वर्ष का लक्ष्य पूर्ण हो सके।
जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी ने स्पष्ट किया कि हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत स्वीकृत प्रकरणों में समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि लाभार्थी इसी वित्तीय वर्ष में अपने-अपने व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बैंक अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।











