खुरई बना विकास का मॉडल, जनसुविधाएं हमारी प्राथमिकता – अविराज सिंह

खुरई बना विकास का मॉडल, जनसुविधाएं हमारी प्राथमिकता – अविराज सिंह

खुरई। युवा नेता अविराज सिंह ने बुधवार 25 मार्च को क्षेत्र में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में शामिल होते हुए कहा कि खुरई नगर विकास के क्षेत्र में भी अग्रणी बनकर उभरा है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है, तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना आपके विधायक पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह की प्राथमिकता है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने दोपहर 2 बजे गोशाला में विद्युत डीपी एवं पोल स्थापना कार्य का भूमिपूजन किया, इसके बाद दोपहर 3 बजे ऑडिटोरियम के पास राहतगढ़ रोड पर बॉउंड्री वॉल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा शाम साढ़े चार बजे शहनाई गार्डन के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही नवरात्रि के पावन अवसर पर शाम 5 बजे मां बीजासन मंदिर, किला परिसर में छप्पन भोग अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सम्मान दिया गया।

अविराज सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जिन स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी थी, वहां तेजी से कार्य कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। गोशाला में विद्युत डीपी एवं पोल स्थापना से पशुपालकों और गौसेवा से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं बॉउंड्रीवॉल निर्माण से सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सामाजिक एकता को भी बल मिलेगा। उन्होंने हनौता गोशाला में सीसीटीवी कैमरे सहित 10 सोलर लाईट पोल लगाने, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड में नवीन पानी की टंकी निर्माण एवं गुरूनानक वार्ड में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आस्था और एकता का संदेश देने वाला पर्व है। मां दुर्गा शक्ति, भक्ति और विजय की प्रतीक हैं, जो अन्याय और अधर्म का अंत कर धर्म की स्थापना करती हैं। “अयि गिरिनंदिनि नंदितमेदिनि…” जैसे स्तोत्रों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि यह पर्व युवाओं को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है तथा समाज में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है।

अविराज सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ-सेवा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और गोशाला से जुड़े कार्य उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौ-सेवा को समर्पित रहा और ‘गोपाल’ तथा ‘गोविंद’ के रूप में उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि निःस्वार्थ सेवा ही ईश्वर प्राप्ति का मार्ग है। ‘गावो विश्वस्य मातरः’ के भाव को आत्मसात करते हुए उन्होंने कहा कि गाय केवल पशु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में पूजनीय और देवत्व का प्रतीक है, जिसकी सेवा से समाज में शांति, समृद्धि और सद्भाव का विस्तार होता है।

उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में विकास के विभिन्न आयामों पर निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। बीना नदी परियोजना जिसकी लागत लगभग 3255 करोड़ रुपये है, इसके माध्यम से खुरई तहसील के 90 ग्रामों की 44319 हेक्टेयर और मालथौन विकासखंड के 35 ग्रामों की 17450 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही हनौता बांध परियोजना (1392 करोड़ रुपये) से 29 ग्रामों की 7345 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी तथा मुढ़िया बांध जैसी योजनाएं भी क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान सिद्ध होंगी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में 100 प्रतिशत सिंचाई का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा, जिससे किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

अविराज सिंह ने कहा कि पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चकरपुर डेम से 174 ग्रामों के 58751 घरों तक तथा उल्दन डेम से 171 ग्रामों के 57247 घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें 100 बिस्तरों वाला सुसज्जित सिविल अस्पताल, एक ब्लड बैंक, 9 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 12 से अधिक स्वास्थ्य केंद्र, 26 से अधिक उप स्वास्थ्य केंद्र और 5 से अधिक संजीवनी क्लीनिकों की स्थापना शामिल है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 56000 से अधिक परिवारों को आवास मिला है, वहीं 35000 से अधिक परिवारों को निःशुल्क आवासीय पट्टों का वितरण कर उन्हें भूमि का मालिकाना हक दिया गया है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत 60087 से अधिक बहनों को लाभान्वित किया गया है तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से 5500 से अधिक बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 1 लाख से अधिक हितग्राहियों के कार्ड बनाए गए हैं, जिससे जरूरत के समय उन्हें महंगे इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा।

अविराज सिंह ने कहा कि खुरई नगर विकास के क्षेत्र में भी अग्रणी बनकर उभरा है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में खुरई नगरपालिका ने मध्यप्रदेश में पहला और देश में सातवां स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही क्षेत्र में आधुनिक स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, बैडमिंटन हॉल, आरओबी निर्माण, तालाबों के पुनर्जीवन, मंदिरों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार जैसे अनेक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा, परोपकार और धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं और समाज की सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर की सेवा है। भगवान श्रीकृष्ण, भगवान राम, स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और अन्य महान विभूतियों के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों तथा सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए खुरई को एक आदर्श क्षेत्र बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में श्रीमति नन्हीबाई अहिरवार नगरपालिका अध्यक्ष, रविन्द्र सिंह राजपूत मंडल अध्यक्ष खुरई ग्रामीण, राजपाल सिंह राजपूत मंडल अध्यक्ष धनौरा, नीतिराज पटेल, इन्द्रकुमार राय, बसंत सत्संगी, अजीत आजवानी, मदन कुशवाहा पार्षद, विनोद राजहंस पार्षद, रामशास्त्री, निर्मल अहिरवार, मेहरबान अहिरवार, काशीराम अहिरवार, प्रभात सिंह धनौरा, मिन्दर रजक, पुष्पेन्द्र ठाकुर सिमरिया, हेमन्त अहिरवार, राजेश महतेले सीएमओ, रौनक यादव गौशाला उपाध्यक्ष, ऋतिक कुशवाहा, बिट्टू राजपूत, रामदास कुशवाहा, नर्वदा सेन, शैलेन्द्र चौहान, अशोक पटेल, रमेश रघुवंशी, गोपाल सेन, विकास पाण्डे, मनोज राय पार्षद, खुशीलाल अहिरवार, कमला अहिरवार, दीपक सोहित, खिलान चक्रवर्ती, जयराम अहिरवार पार्षद, सोनू चंदेल, सुलेमान ईरानी, गोविन्द कुर्मी, कल्लू सिलापरी सहित युवा साथी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More