
सागर में राज्य स्तरीय अंतर विश्वविद्यालय शिक्षक-कर्मचारी खेल महाकुंभ का भव्य समापन, भोपाल टीम का दबदबा।
खेल जीवन में शारीरिक व मानसिक विकास के साथ तनाव मुक्ति का सशक्त माध्यम है: शैलेंद्र कुमार जैन विधायक
सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय, सागर (म.प्र.) में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर विश्वविद्यालय शिक्षक-कर्मचारी (पुरुष/महिला) खेल प्रतियोगिता का समापन गुरुवार, 26 मार्च 2026 को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। 24 से 26 मार्च तक चले इस खेल महाकुंभ में प्रदेश भर से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि सागर नगर विधायक शैलेन्द्र जैन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “शिक्षक भारत का भाग्य विधाता है। खेल जीवन में शारीरिक व मानसिक विकास के साथ तनाव मुक्ति का सशक्त माध्यम है।” उन्होंने आयोजन की सफलता पर महाविद्यालय को शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ाते हैं, अतः इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा सागर संभाग डॉ. नीरज दुबे ने खेलों को जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। जनभागीदारी अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मिश्रा ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मोनिका हार्डीकर ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में कुल 264 प्रतिभागियों ने भाग लिया। महिला वर्ग में भोपाल टीम विजेता एवं जबलपुर उपविजेता रही, वहीं पुरुष वर्ग में भोपाल विजेता तथा उज्जैन उपविजेता रहा।
टेबिल टेनिस, लॉन टेनिस, बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत एवं टीम इवेंट्स में भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और इंदौर संभाग के खिलाड़ियों ने कई खिताब अपने नाम किए।
समापन समारोह में सभी विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एम.आई. सदस्य श्रीमती संगीता जैन, श्री विनय मिश्रा, श्री प्रासुक जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुभाष हार्डीकर, समन्वयक डॉ. नवीन गिडियन, डॉ. अंजना नेमा, कु. जयश्री राठौर, कु. कीर्तिका ठाकुर एवं कु. समीक्षा तिवारी का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन डॉ. आशुतोष शर्मा एवं डॉ. अश्विनी सूर्यवंशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मोनिका हार्डीकर ने किया।










