
भारतीय जनता पार्टी की स्थापना दिवस पर 6 से 12 अप्रैल तक बूथ सम्मेलन, सेवा बस्ती दौरा, स्वच्छता अभियान और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत : लोकेन्द्र पाराशर
6 अप्रैल को जिले में पूरे उत्साह से मनाया जाएगा भाजपा स्थापना दिवस : श्याम तिवारी
सागर। “भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, विचार और समर्पण का एक विराट अभियान है। 6 अप्रैल का स्थापना दिवस हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव, प्रेरणा और आत्ममंथन का अवसर है।यह दिन हमें उन महान व्यक्तित्वों और कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिन्होंने संगठन को बूथ से लेकर देश के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाया।” यह बात भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने संभागीय भाजपा कार्यालय सागर में आयोजित जिला पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए कही।
बैठक को भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि भाजपा की पहचान सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना से है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और उसी के परिश्रम से आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज देश विकास, आत्मनिर्भरता और विश्व नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि पार्टी स्थापना दिवस को केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि संगठन को और मजबूत बनाने के संकल्प दिवस के रूप में मनाएं।
बैठक को संबोधित करते हुए श्याम ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। पार्टी के सभी कार्यक्रम बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित किए जाएंगे और कार्यकर्ताओं की भागीदारी से आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस मनाने के लिए विशेष तैयारियां की जाएं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने निवास और पार्टी कार्यालय पर पार्टी का ध्वज लगाए तथा पूरे हर्षोल्लास के साथ स्थापना दिवस मनाए। कार्यालयों की सजावट, रंगोली और मिठाई वितरण के माध्यम से उत्सव मनाया जाएगा। कार्यकर्ता सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर हैशटैग के साथ पोस्ट करें।
बैठक में बताया गया कि 6 एवं 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर तथा 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही 7 से 12 अप्रैल के बीच जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मंडल अध्यक्ष “गांव चलो-बस्ती चलो अभियान” के तहत सेवा बस्तियों का दौरा करेंगे। इस दौरान मंदिर, अस्पताल, स्कूल एवं गलियों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल, पशु चिकित्सालय,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया जाएगा तथा जल संरचनाओं की सफाई में सहभागिता की जाएगी। साथ ही वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान एवं बूथ समितियों की बैठकें भी आयोजित की जाएगी।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि पार्टी स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की प्रभावी आयोजन व योजना क्रियान्वयन हेतु 4 सदस्य जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है जिसमें जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर को संयोजक,जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया,जिला मंत्री संध्या भार्गव एवं जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल को सहसंयोजक बनाया गया है। बैठक में सभी अपेक्षित पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











