
शुक्रवारी वार्ड में सामुदायिक भवन के प्रथम तल निर्माण को मिली स्वीकृति, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया स्थल निरीक्षण
सागर। शुक्रवारी वार्ड में सामुदायिक भवन के प्रथम तल निर्माण को लेकर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने वार्डवासियों के साथ स्थल निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय रहवासियों ने वार्ड पार्षद के नेतृत्व में सामुदायिक भवन के प्रथम तल निर्माण हेतु विधायक श्री जैन को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी थी। इस पर विधायक जैन ने मौके का निरीक्षण कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया था।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने सामुदायिक भवन के प्रथम तल निर्माण को स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित इंजीनियर को शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष भवन का प्रथम तल बनाकर वार्डवासियों को समर्पित कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि इस सामुदायिक भवन का भूतल भी पूर्व में विधायक जैन के द्वारा ही निर्मित कराया गया था।
इसके अतिरिक्त विधायक ने शुक्रवारी से तिलकगंज जाने वाले मार्ग पर आमजन की सुविधा के लिए सीढ़ियां बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुगमता मिल सके।
इस अवसर पर पार्षद बबलू कमानी, मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, शैलेंद्र नामदेव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











