
जिले में घर-घर लहराया भाजपा का ध्वज, 47 ध्वजों के साथ निकली ऐतिहासिक यात्रा
स्थापना दिवस पर संभागीय भाजपा कार्यालय में हुआ ध्वजारोहण, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सुनाई संघर्ष और समर्पण की गाथा
सागर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर जिलेभर में उत्सव और संगठन के प्रति समर्पण का माहौल देखने को मिला। सागर से लेकर गांव गाँव तक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर भाजपा का ध्वज लगाकर स्थापना दिवस को उत्साह और गर्व के साथ मनाया।
संभागीय भाजपा कार्यालय में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. लता वानखेड़े, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया तथा नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने विधिवत ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद कार्यालय परिसर में जोरदार आतिशबाजी की गई और नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने रंगोली के माध्यम से अखंड भारत की आकर्षक प्रतिकृति बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर संभागीय भाजपा कार्यालय से संविधान चौक तक 47 ध्वजों के साथ भव्य ध्वज यात्रा निकाली गई। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के हाथों में ध्वज और युवाओं के भारतीय जनता पार्टी के जयघोष के साथ निकली यात्रा ने पूरे मार्ग को भाजपामय कर दिया। ध्वज यात्रा के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संगठन के संघर्ष और पुराने दिनों की स्मृतियां साझा कीं।
यात्रा के समापन अवसर पर प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की नींव के पत्थर हैं, जिनके परिश्रम और समर्पण के कारण आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भाजपा का यह मुकाम सहज रूप से नहीं मिला है। कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए संगठन को खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को पार्टी के संघर्ष, त्याग और समर्पण को समझना चाहिए।
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि एक छोटे से पौधे के रूप में प्रारंभ हुआ संगठन आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार गांव-गांव तक विकास और जनकल्याण की योजनाएं पहुंचा रही है।
कार्यक्रम का संचालन स्थापना दिवस कार्यक्रम सांचालन टोली संयोजक चैन सिंह ठाकुर एवं सह संयोजक यश अग्रवाल आभार जगन्नाथ गुरैया व संध्या भार्गव ने किया।
कार्यक्रम के उपरांत सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के 17 जिलों में कार्यालय निर्माण भूमिपूजन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि भाजपा का 47वां स्थापना दिवस जिले के सभी 37 मंडलों और 1271 बूथों पर पूरे उत्साह से विभिन्न कार्यकर्मो के आयोजन के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता रामकुमार साहू,राजकुमार सतभैया,डॉ.वीरेंद्र पाठक डॉ.डीपी चौबे,मनोहर तिवारी,महेश जैन,पंकज मुखराया,राम प्रसाद विश्वकर्मा,एड.रुप किशोर यादव,हरिनारायण नामदेव,पूर्व विधायक पारुल साहू,पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल,हरिराम सिंह,जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,पार्षद,मंडल पदाधिकारी,मोर्चा प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता उपस्तिथ रहें।











