5 लाख का जनादेश और सांसद ‘लापता’! देवास-शाजापुर में सोशल मीडिया पर पोस्टर वॉर शुरू

5 लाख का जनादेश और सांसद ‘लापता’! देवास-शाजापुर में सोशल मीडिया पर पोस्टर वॉर शुरू

मिसिंग एमपी महेंद्र सिंह सोलंकी की पोस्ट हो रही सोशल मीडिया पर वायरल

लोकतंत्र में वोट की चोट सबसे बड़ी होती है, लेकिन जब वही वोट पाकर जनप्रतिनिधि ‘लापता’ हो जाए, तो जनता का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटता है। देवास-शाजापुर लोकसभा सीट से रिकॉर्ड तोड़ 5 लाख से ज्यादा वोटों से जीतने वाले सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के खिलाफ अब उनके ही क्षेत्र में ‘गुमशुदगी’ के अभियान छिड़ गए हैं।

जिस जनता ने अपनी उम्मीदों का बोझ सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के कंधों पर रखा था, आज वही जनता उन्हें ढूंढने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रही है। सोशल मीडिया पर एक पोस्टर बिजली की तरह वायरल हो रहा है, जिस पर लिखा है— “मिसिंग एमपी महेंद्र सिंह सोलंकी”। पोस्ट में नीचे तंज भरे लहजे में लिखा गया है कि “सांसद महोदय लापता हैं, अगर कहीं दिखें तो हमें बताएं।”

वादों की पोटली और धरातल की हकीकत

चुनाव के समय सुजालपुर सहित पूरे क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने और ट्रेनों के स्टॉपेज दिलाने जैसे बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन आज हकीकत इसके उलट है। जनता का आरोप है कि भारी बहुमत से जीतने के बाद सांसद महोदय ऐशो-आराम की जिंदगी में मशगूल हैं और जिस जनता ने उन्हें सिर-आंखों पर बिठाया, आज वही ‘शबरी’ की तरह उनकी राह देख रही है।

इस वायरल पोस्ट को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे सांसद की नाकामी करार दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना है—
“महेंद्र सिंह सोलंकी ने सुजालपुर में ट्रेनों के स्टॉपेज का वादा किया था, जो आज तक अधूरा है। चुनाव जीतने के बाद से वे जनता के बीच से गायब हैं। सोशल मीडिया पर जो पोस्ट वायरल हो रही है, वह जनता के दबे हुए आक्रोश की अभिव्यक्ति है।”
सोशल मीडिया पर हो रही इस फजीहत के बाद अब पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। क्या इस वायरल पोस्ट के बाद सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी अपने क्षेत्र में सक्रिय होंगे? या फिर आने वाले समय में जनता इस बेरुखी का जवाब अपने अंदाज़ में देगी?
यह केवल एक पोस्टर नहीं, बल्कि उन लाखों मतदाताओं का दर्द है जो अपने नेता को अपने बीच देखना चाहते हैं।

Leave a Comment

Read More