
नींव के पत्थर संघ ने मनाया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने साझा किए अनुभव
सागर। भाजपा नींव के पत्थर संघ द्वारा सोमवार को भाजपा का 47वां स्थापना दिवस मनोहर टॉकीज स्थित कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न क्षेत्रों में नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, संघ के अध्यक्ष रामकुमार साहू एवं अन्य अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्ना रावत ने की। अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता राम अवतार पांडे एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ नेता रूप सिंह यादव ने अपने संबोधन में भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती का आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनके अनुभवों से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि जिला अध्यक्ष बनने के बाद संगठन में कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिले होंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में भाजपा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उनके कार्य में कहीं कोई कमी दिखाई दे तो वरिष्ठ कार्यकर्ता अवश्य सुझाव दें, ताकि संगठन को और बेहतर बनाया जा सके।
श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समय निकालकर भाजपा कार्यालय आएं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव एवं अनुभव साझा करें। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक भाजपा कार्यालय में उपलब्ध रहते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संघ के अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि यह संघ 1990 के पहले के भाजपा कार्यकर्ताओं को एक मंच देने के उद्देश्य से बनाया गया है, ताकि पुराने कार्यकर्ता अपनी बात रख सकें और संगठन को दिशा दे सकें। उन्होंने कहा कि संघ के सदस्यों को किसी पद की इच्छा नहीं है, बल्कि वे केवल सम्मान और संगठन की मजबूती चाहते हैं।
इनका हुआ सम्मान
एडवोकेट कृष्णवीर सिंह ठाकुर, गोविंद जड़िया, महेंद्र गुप्ता, अवधेश बिलैया, दीपक भंडारी एवं श्रीमती सुधा पवन शर्मा का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
पूर्व मंत्री नारायण प्रसाद कबीरपंथी, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष प्रदीप पाठक, पंकज मुखारया, सुंदरलाल बचकैया, द्वारका भट्ट, आनंद चौहान, राजेंद्र घोषी, जिनेश साहू, हेमंत दुबे, बलराम पाराशर, प्रेमचंद बड़कुल, रामप्रसाद विश्वकर्मा, कृपाशंकर चौबे, राकेश गर्ग, मधुप शर्मा सहित बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रामेश्वर नामदेव ने किया, जबकि अंत में पंकज मुखारया ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।











