
संत रविदास वार्ड में काली कमेटी ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन का किया सम्मान, टीन शेड प्रदान करने पर जताया आभार
सागर। संत रविदास वार्ड स्थित श्री देव भूतेश्वर काली कमेटी के सदस्यों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया एवं आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि विधायक जैन द्वारा काली कमेटी को अपनी ओर से टीन शेड प्रदान किया गया है, जिससे समिति के आयोजन एवं गतिविधियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इसी के लिए समिति के सदस्यों ने विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधायक जैन ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से दूर होती जा रही है। दुर्गा उत्सव, गणेश उत्सव, दशहरा जैसे धार्मिक आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में सक्रिय युवाओं का उत्साहवर्धन करना हम सभी का दायित्व है, ताकि हमारी परंपराएं निरंतर आगे बढ़ती रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि आज हम युवाओं को प्रोत्साहित नहीं करेंगे, तो भविष्य में इन सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना कठिन हो जाएगा।
इस दौरान समिति अध्यक्ष प्रभु दयाल साहू, सोनू सोनी, सुमित यादव, अंबुज शर्मा, कमलेश श्रीवास्तव, मुकेश सोनी, मुकेश सेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











