
विधायक लारिया के आश्वासन के बाद जरूवाखेड़ा में चक्काजाम समाप्त, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और जाँच का भरोसा
जरूवाखेड़ा/11.04.2026: नरयावली विधानसभा क्षेत्र के जरूवाखेड़ा में बीते दिनों हुए दुखद सड़क हादसे के बाद उपजा आक्रोश क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के हस्तक्षेप और ठोस आश्वासन के बाद शांत हो गया है। विधायक लारिया ने न केवल पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया, बल्कि तत्काल आर्थिक सहायता और घटना की निष्पक्ष जाँच के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि जरूवाखेड़ा-बांदरी मार्ग पर बाइक फिसलने के कारण झंडापुर निवासी लक्ष्मी की असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर सागर-बीना रोड पर चक्काजाम कर दिया था।
जाम की सूचना मिलते ही विधायक प्रदीप लारिया ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल तहसीलदार प्रतीक रजक और नरयावली थाना प्रभारी को मौके पर भेजा। विधायक ने दूरभाष के माध्यम से शोकाकुल परिवार से सीधी चर्चा की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा “पुत्री की मृत्यु एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी कीमत पर संभव नहीं है। दुख की इस घड़ी में मैं और पूरी सरकार परिवार के साथ खड़ी है।”
विधायक श्री लारिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों की उपस्थिति में पीड़ित परिवार को 50 हजार की सहायता राशि, मुख्यमंत्री जी से चर्चा कर शासन स्तर से अधिकतम संभव आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की सूक्ष्मता से जाँच कराने के निर्देश भी दिए।
जाम समाप्त होने के बाद विधायक लारिया ने तहसीलदार और थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि वास्तविकता सामने आ सके। विधायक लारिया के सकारात्मक रुख और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन पर परिजनों ने प्रशासन को सहयोग करते हुए मार्ग बहाल किया।










