
सागर में युवती की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम
सागर। जिले के जरुआखेड़ा क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद शनिवार शाम माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सागर-बीना मुख्य मार्ग पर शव रखकर जोरदार चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर सैकड़ों की संख्या में लोग उतर आए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, जरुआखेड़ा निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मी उर्फ प्रिया अहिरवार की बीते दिन कथित सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि युवती की 21 अप्रैल को शादी होना तय था, लेकिन उससे पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय युवती के साथ मौजूद आसिफ खान निवासी ग्राम सुमरेड़ी सुरक्षित बच गया, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।
इसी को लेकर आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी गई।
चक्काजाम के चलते सागर-बीना मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन धीरे-धीरे शांत हुए और चक्काजाम समाप्त किया गया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक आसिफ खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बहरहाल, युवती की संदिग्ध मौत के बाद पूरे इलाके में मामला गरमा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अब भी अड़े हुए हैं।











