
भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने वाली देश की एकमात्र पार्टी – पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह
बांदरी मंडल में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित किया
बांदरी। भाजपा ही देश का ऐसा राजनैतिक दल है जिसमें कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाता है। हमारे कार्यकर्ता वैचारिक दृष्टिकोण, अनुशासन, चरित्र और कार्यपद्धति के लिए प्रशिक्षित कार्यकर्ता होते हैं। प्रशिक्षण वर्ग से ही भाजपा में कार्यकर्ता निर्माण होता है। यही कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा कर समाज में बदलाव का वाहक बनते हैं। यह बात पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अतिथि वक्ता के रूप में बांदरी भाजपा मंडल द्वारा पं दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में अपने उद्बोधन में कही।
प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वही राजनैतिक दल दीर्घकालिक होता है जिसके पास विचारधारा और उसके अनुसार प्रशिक्षित कार्यकर्ता होते हैं। 1951 से जनसंघ की स्थापना से लेकर 1980 में भाजपा की स्थापना काल से आज तक की इस यात्रा में भाजपा और उसकी विचारधारा ने देश की जनता के हृदय में अपना स्थान बनाया है। इस बीच अनेक ऐसे राजनैतिक दल जो व्यक्ति आधारित, विचारधारा विहीन और सोशल मीडिया से बने वे खत्म होते चले गए। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसका कार्यकर्ता पंच निष्ठाओं पर चलता है। कितनी भी विपरीत परिस्थितियां आईं लेकिन पार्टी ने कभी विचारधारा से समझौता नहीं किया। 1980 में जब गठबंधन की सरकार गिरी तब सहयोगी दलों का दबाव था कि राममंदिर का मुद्दा छोड़ दें लेकिन हमारे नेताओं ने कहा कि सत्ता हमारी प्राथमिकता नहीं है, भगवान श्री राम भिरत की आत्मा हैं, रामराज्य की संकल्पना हमारा लक्ष्य है। पार्टी धारा 370 हटाने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, हिंदुत्व जैसे मूल्यों पर सदैव अडिग रही।
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वैचारिक निष्ठा और इसके समर्पित,अनुशासित, चरित्रवान कार्यकर्ताओं के कारण भाजपा का कभी विभाजन नहीं हुआ। हम भारत और भाजपा को अलग नहीं मानते, हम भारत माता की पूजा करने वाले वंदेमातरम का गान करने वाले लोग हैं, राष्ट्रभक्ति हमारे कार्यकर्ताओं में कूट-कूट कर भरी है।
उन्होंने कहा कि कार्य विस्तार के लिए पांच तत्व आवश्यक हैं, कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय, कोष और कार्यकर्ता निर्माण। कार्यकर्ता के बिना पार्टी आगे नहीं बढ़ती। निरंतर कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को एकजुट, सक्रिय व लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बनाते हैं। कार्यक्रमों से ही नये कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ते हैं। पार्टी हमें निरंतर कार्यक्रम भेजती है। कार्यक्रम कितने अच्छे से संपन्न होते हैं उससे पार्टी का विस्तार सुनिश्चित होता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कार्यकर्ताओं को सिर्फ सरकार के विरोध का लक्ष्य होता है लेकिन हम सत्ता पक्ष में हैं इसलिए हमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता के अंतिम पंक्ति में खड़े नागरिक तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। कार्यकर्ता को ही जनसामान्य की विकास के साथ वैचारिक आंदोलन को जन-जन तक पहुंचा कर जीवनशैली में बदलाव का वाहक बनना होता है। जनसामान्य की समस्याओं से अवगत होना और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने में कार्यकर्ता एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता है। जब कार्यकर्ताओं के माध्यम से योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचता है तभी पार्टी को इसका यश मिलता है और कार्यकर्ता का नेतृत्व निर्माण होता चलता है। जनता को सीधे तंत्र से लाभ मिलता है तो तंत्र में व्याप्त बुराइयों का अपयश पार्टी को झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसीलिए भाजपा सरकार ने तकनीकी के प्रयोगों से हितग्राहियों तक सीधे बैंक खातों में लाभांश भेज कर बहुत हद तक भ्रष्टाचार पर नियंत्रण किया है।
उन्होंने कहा कि जब दस बीस लोगों में कोई पार्टी और सरकार की आलोचना कर रहा हो तब सुन कर चुप रह जाने वाला कार्यकर्ता मूर्ख और कायर कहा जाएगा। हमें त्वरित और तथ्य पूर्ण और तर्कबद्ध जवाब देना चाहिए। कार्यकर्ता का सार्वजनिक आचरण हमेशा बेदाग होना चाहिए। स्वार्थवश की गई गलतियां तात्कालिक रूप से अनदेखी लग सकती हैं लेकिन दस्तावेज कभी मरते नहीं हैं। दतिया के कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को तीन वर्ष की सजा मिली और विधायकी चली गई क्योंकि कई वर्ष पहले उन्होंने अनुचित तरीके से लाभ लिया। उन्होंने कहा कि सेवा भावना सदैव कार्यकर्ता को जनता के बीच सम्मान दिलाती है। धन, वैभव का समाज सम्मान नहीं करता बल्कि सेवा, त्याग, चरित्र और संस्कारों का समाज सम्मान करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमेशा धार्मिक आयोजनों और पात्र साधु संतों का सम्मान करते रहना चाहिए। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मंडल अध्यक्ष से कहा कि वे कार्य विस्तार के लिए मंडल के आठ दस बड़े ग्रामों का चयन कर वहां प्रति 15 दिवस में एक कार्यकर्ता बैठक आयोजित कर आसपास के दस गांवों के 250-300 कार्यकर्ताओं को वहां एक दिवसीय कार्यक्रम में बुलाएं। इन बैठकों में प्रातः दो घंटे श्रमदान, दो घंटे जन समस्याओं को सुनना, फिर साथ में भोजन करें। इन बैठकों में वे स्वयं व सभी अधिकारी भी रहेंगे ताकि वे कार्यकर्ताओं और जनसमस्याओं से अवगत हो सकें।
बांदरी प्रशिक्षण वर्ग का आरंभ अविराज सिंह व वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थिति में भारत माता, पं दीनदयाल उपाध्याय व स्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता मंडल के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं श्री चंद्रिका प्रसाद पाराशर पिठौरिया, अशोक जैन बांदरी, लोकेंद्र सिंह पिठौरिया, तुलसीराम यादव आगासिर्स, विश्वनाथ सिंह बांदरी, डीआर रोहित मासाब, अभय सिंह लोधी बांदरी, पुष्पेन्द्र सिंह परिहार ने की। प्रथम सत्र के अतिथि वक्ता के रूप में अविराज सिंह, द्वितीय में मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, तृतीय सत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता डा सुशील तिवारी, चतुर्थ सत्र में शैलेंद्र ठाकुर, पंचम सत्र में राजपाल सिंह राजपूत, षष्ठमृ सत्र में पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, सप्तम सत्र में संतोष रोहित ने निर्धारित विषयों पर प्रभावी उद्बोधन दिए। विभिन्न सत्रों में वर्ग गीत का गायन राजपाल सिंह, श्रीमती लक्ष्मी लोधी, अविराज सिंह, अनिल पाराशर ने किया।











