लाखा बंजारा झील में जेट्स्की, बंपर एवं बनाना राइड का शुभारंभ, सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को मिली नई पहचान

लाखा बंजारा झील में जेट्स्की, बंपर एवं बनाना राइड का शुभारंभ, सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को मिली नई पहचान

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने किया शुभारंभ, जल्द होगा नवीन बोट क्लब का लोकार्पण

सागर। सागर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील अब पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है। झील में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने अत्याधुनिक जेट्स्की (वाटर स्कूटर) का जल अवतरण किया। इस रोमांचक राइड में एक साथ दो व्यक्ति बैठकर झील की लहरों पर साहसिक और आनंददायक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने स्वयं जेट्स्की की सवारी कर इसका अनुभव लिया और कहा कि सागरवासियों को आधुनिक पर्यटन एवं मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

झील में जेट्स्की के साथ-साथ बंपर राइड और बनाना राइड की भी शुरुआत की गई। इन नई जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारंभ विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार ने संयुक्त रूप से किया। इन रोमांचक राइड्स के शुरू होने से युवाओं, बच्चों और पर्यटकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

विधायक जैन ने कहा कि लाखा बंजारा झील आज जिस भव्य स्वरूप में दिखाई दे रही है, उसके पीछे वर्षों का सतत प्रयास है। स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से झील का पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया, जिसके बाद यहां पर्यटन और जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार लगातार किया जा रहा है। पहले क्रूज और मोटर बोट का संचालन प्रारंभ किया गया तथा अब जेट्स्की, बंपर और बनाना राइड जैसी आधुनिक सुविधाएं भी जुड़ गई हैं।

उन्होंने बताया कि सागर के बच्चों और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से यहां नियमित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वर्तमान में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और विद्यार्थी झील परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

विधायक जैन ने जानकारी दी कि झील किनारे निर्मित अत्याधुनिक नवीन बोट क्लब का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है। इस आधुनिक बोट क्लब का लोकार्पण शीघ्र ही मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा किया जाएगा। बोट क्लब प्रारंभ होने के बाद यहां पर्यटन, प्रशिक्षण और वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को और अधिक विस्तार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सागर को मध्य प्रदेश के प्रमुख वॉटर स्पोर्ट्स एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर मिले और पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नए द्वार भी खुलें।

इस अवसर पर संचालक आकाश तिवारी, नमन समैया, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More