SIR-2026 में छूटे मतदाताओं और नए पात्र युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर, 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
सागर, 15 अक्टूबर 2026। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भोपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मतदाता सूची में नवीन, भावी एवं SIR-2026 के दौरान छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में अभियान के दौरान प्राप्त फॉर्म-6 और मतदाता सूची में जोड़े गए नए मतदाताओं की संख्या की जानकारी ली गई।
उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सागर जिले में शिविरों के माध्यम से अब तक नए मतदाताओं के लिए 8137 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें 589 फॉर्म-6 ऐसे भावी मतदाताओं के हैं, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनने के पात्र होंगे।
अधिक मत कटने वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से लगेंगे शिविर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। BLO, बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें।
उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों और जिले के सीमावर्ती इलाकों में प्राथमिकता से शिविर आयोजित किए जाएं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन क्षेत्रों में अधिक मतदाताओं के नाम कटे हैं, वहां विशेष रूप से शिविर लगाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए।
समय-सीमा में डेटा फीडिंग के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से संबंधित डेटा की फीडिंग पूरी शुद्धता के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में सागर कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से अपर कलेक्टर अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर रवीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com







