
श्रद्धेय अटल जी राजनेता के साथ राज ऋषि भी थे- पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह
“अटल स्मृति पर्व “ पर खुरई विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया
मालथौन। भारतरत्न स्व अटल बिहारी वाजपेई राजनेता ही नहीं राज ऋषि भी थे। वे हम सभी के आदर्श हैं। यह बात पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने स्व अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष के समापन दिवस एवं जयंती पर यहां आयोजित अटल स्मृति पर्व एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने मालथौन में नवनिर्मित मार्केट का नाम अटल जी के नाम करने तथा मार्केट परिसर में 50 लाख की लागत से भारतरत्न स्व अटल जी की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अपने संकल्प के अनुसार पुष्प माला, बुके से स्वागत नहीं कराते हुए कंबल, स्वेटर, साड़ी, बच्चों के उपयोग की शिक्षण सामग्री आदि सामानों से अपना स्वागत कराया और स्वागत में आई सामग्री को कार्यक्रम स्थल पर ही गरीब जरूरतमंदों व स्कूली बच्चों को वितरित कर दिया।
मालथौन के महाराणा प्रताप बसस्टेड प्रांगण में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी राजनीतिज्ञ नहीं थे,वे राजनेता और राज ऋषि थे। वह राजनेता थे राज ऋषि थे जो हमेशा समाज और जनता के कल्याण के बारे में सोचते थे। एक योग्य व्यक्ति यदि प्रधानमंत्री बनता है तो हम सब के जीवन में कितना बदलाव आ सकता है अटल जी इसका उदाहरण है। मैं इसलिए कहता हूं कि यदि योग्य लोग राजनीति में आगे नहीं आएंगे तो आपका ही भविष्य खराब होने वाला है। राजनीति में चाहे सरपंच,पंच,जनपद सदस्य के पद पर भी हमेशा अच्छे लोगों को चुनना चाहिए। अच्छा व्यक्ति अगर आपका प्रतिनिधि बनेगा तो आपके जीवन में परिवर्तन आएगा। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि अटल जी इस बात को जानते थे कि भारत के गांवों का जब तक विकास नहीं होगा तब तक गरीब का विकास नहीं हो सकता और हमारा देश आगे नहीं बढ़ सकता। इसलिए अटल जी ने सबसे पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की। 50 साल कांग्रेस का राज में कभी यह नहीं सोचा गया कि गांव में पक्की सड़कें होना चाहिए। अटल बिहारी वाजपेई प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बना कर गांव-गांव में पक्की सड़कों का जाल बिछा दिया। उससे हमारे गांवों की अर्थव्यवस्था बदल गई। हमारे किसानों, गरीबों का जीवन बदल गया। जब रास्ता बनता है तो उससे विकास के मार्ग भी खुलते हैं। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मालथौन से जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक जाने वाली स्वर्णिम चतुर्भुज फोरलेन सड़क निकली है वह श्रद्धेय अटल जी की देन है। इस फोरलेन से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरने से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था का कायाकल्प हो गया।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की, उन्होंने देश में पहली बार फसल बीमा योजना लागू की । अटल जी ने ही नदी जोड़ो योजना शुरू की थी और भारत की पहली नदी जोड़ो केन-बेतवा परियोजना अपने बुंदेलखंड से शुरू हुई है। इसका लाभ पूरे बुंदेलखंड को मिलेगा। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अटल जी कहते थे कि बड़ी नदियों का पानी छोटी नदियों में डालो, छोटी नदियों का पानी और छोटी नदियों में डालो तो 12 महीने देश के हर नदी नाले में पानी रहेगा कभी पानी का संकट देश में नहीं आएगा।
उन्होंने कहा कि देश में बहुत पहले परमाणु बम बन गया था पर किसी प्रधानमंत्री की हिम्मत नहीं होती थी कि परमाणु परीक्षण कर पाए। वे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से डरते थे। लेकिन अटल जी ने कहा यह देश की सुरक्षा का सवाल है हम दुनिया के किसी प्रतिबंध का परवाह नहीं करेंगे। उन्होंने परमाणु परीक्षण करके देश को दिखा दिया और पूरी दुनिया ने भारत की ताकत को देख लिया। आज भारत दुनिया के तीसरे नंबर की शक्ति हो गई। प्रतिबंध लगाए गए तो अटल जी ने कहा भारत किसानों का देश है हमारे यहां अनाज के गोदाम भरे पड़े हैं, जितने प्रतिबंध लगाना है लगा दो हमारे देश में कोई भूखा नहीं रहेगा। हमारे देश में परमाणु परीक्षण के समय गरीबों को उन्होंने राशन और अनाज देने का काम किया। श्री सिंह ने कहा कि नेता अटल जी जब देश के प्रधानमंत्री थे तब संसद में एक वोट से सरकार गिरना स्वीकार किया और कहा कि मैं बेईमानी से बनी सरकार को चिमटे से भी छूना पसंद नहीं करूंगा, मैं राष्ट्रपति भवन जाकर इस्तीफा दे रहा हूं। उसके बाद जनता ने बड़े बहुमत के साथ फिर देश का प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी को बनाया। उन्होंने सुशासन देने का काम किया। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 1980 में मुंबई में मैं भी उस अधिवेशन में था जिसमें भारतीय जनता पार्टी बनी। 1980 में भारतीय जनता पार्टी का अधिवेशन हुआ और उसमें अटल जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। तब अटल जी ने कहा था अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। सन् 1984 में जिस पार्टी के सिर्फ दो सांसद थे आज वह पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन चुकी है। श्रद्धेय अटल जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं दीनदयाल उपाध्याय और नरेंद्र मोदी जी जैसे ऐसे महान नेताओं को आप दुनिया की किसी पार्टी में नहीं।
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज प्रदेश में डा मोहन यादव जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और विकास के मार्ग पर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डा मोहन यादव मुख्यमंत्री बनने के बाद 8 जनवरी 2026 को पहली बार खुरई विधानसभा क्षेत्र में आ रहे हैं। उनका एतिहासिक स्वागत खुरई विधानसभा क्षेत्र की विशिष्ट परंपरा से होगा। इसके लिए प्रत्येक परिवार से एक प्रतिनिधि 8 जनवरी को खुरई में आयोजित स्वागत रैली और सभा में पहुंचना चाहिए।
मालथौन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन आकाश जैन सीपुर ने किया। कार्यक्रम के मंच पर क्षेत्र के सभी छह भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, अनिल पाराशर, अरविंद लोधी,नीतेश यादव, राजपाल सिंह राजपूत, रवीन्द्र सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि सोनी, लक्ष्मी लोधी, नगरपालिका अध्यक्ष खुरई श्रीमती नन्नी बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, जयंत सिंह बुंदेला, श्रीमती अनीता धर्मेंद्र अहिरवार, दुर्ग सिंह परिहार, राजेन्द्र सिंह लोधी, रामछायरी, ओमप्रकाश कुर्मी घोरट जितेन्द्र सिंह धनोरा, नीतिराज पटेल, राजेन्द्र यादव, वीरेंद्र सिंह दरी,, मनोज राय, इन्दकुमार राय, वीर सिंह यादव, महेश पाराशर बन्टी राजपूत, सनत साहू, कोमल यादव, सिरनाम सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, भीकम यादव, निरंजन सिंह राजकुमार अहिरवार अर्चना जैन निशा नागदेव मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।











