ईवीएम वेयरहाउस का कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

SHARE:

सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था जांची, अग्निशमन उपकरणों की वैधता अवधि पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश

सागर। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षित अभिरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार यादव ने सोमवार को ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वेयरहाउस में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा व्यवस्था और तैनात सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर यादव ने वेयरहाउस में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की। उन्होंने उपकरणों की वैधता अवधि पर विशेष ध्यान देने और उनकी एक्सपायरी डेट समाप्त होने से पहले ही नए उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव, चुनाव पर्यवेक्षक प्रमोद रजक एवं सहायक ईवीएम नोडल अधिकारी मुकेश पटेल उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें