
सागर में वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना की रैली, होटल–पार्कों में रही सख्ती, किया पुतला दहन
सागर। शहर में 14 फरवरी वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना ने शनिवार को मकरोनिया से रैली निकाली।
रैली मकरोनिया, सिविल लाइन, गोपालगंज, अटल पार्क, विश्वविद्यालय क्षेत्र सहित विभिन्न पार्कों, रेस्टोरेंट और होटलों तक पहुंची, जहां शिवसैनिकों ने निगरानी रखी।
शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने बताया कि संगठन द्वारा पूर्व में ही “लट्ठ पूजन” कर होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी गई थी कि अश्लीलता फैलाने वाले प्रेमी युगलों को प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कहा कि इसी के चलते सुबह से शहर में भ्रमण किया गया, जहां अधिकांश होटल, रेस्टोरेंट और पार्कों में सन्नाटा नजर आया। कई स्थानों पर प्रतिष्ठान बंद मिले।
जिला प्रमुख दीपक लोधी ने दावा किया कि शिवसेना की चेतावनी का असर पूरे शहर में देखने को मिला। सार्वजनिक स्थलों पर कथित मनचलों की मौजूदगी नहीं दिखी। तलाशी के दौरान कुछ युवक-युवतियां मिले, जिनसे पहचान पत्र की जांच कर परिजनों से चर्चा के बाद उन्हें जाने दिया गया।
इस दौरान सिविल लाइन स्थित कालीचरण चौराहे पर शिवसैनिकों ने वेलेंटाइन डे को “अश्लीलता” का प्रतीक बताते हुए पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने शहीद कालीचरण की प्रतिमा पर पुलवामा हमले में शहीद हुए 44 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहर में दिनभर रेस्टोरेंट और पार्कों में सन्नाटा पसरा रहा तथा कई स्थानों पर ताले लटके दिखाई दिए। पुलिस प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी गई।
Byte: पप्पू तिवारी, शिव सेना राज्य उप प्रमुख











