राज्यपाल का अभिभाषण नए मध्यप्रदेश का विज़न दस्तावेज – भूपेन्द्र सिंह

राज्यपाल का अभिभाषण नए मध्यप्रदेश का विज़न दस्तावेज – भूपेन्द्र सिंह

किसान-युवा-महिला केंद्रित नीतियों से मजबूत होगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था- भूपेन्द्र सिंह

आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव रखेगा अभिभाषण- भूपेन्द्र सिंह

सागर/भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के आरंभ में प्रस्तुत राज्यपाल  मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इसे “समावेशी विकास, आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को समर्पित दूरदर्शी दस्तावेज” बताया है।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल  मंगु भाई पटेल के अभिभाषण में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि सरकार का केंद्र बिंदु केवल योजनाओं की घोषणा नहीं बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और आधारभूत संरचना को समान प्राथमिकता देना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई क्षमता विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक और बाजार उपलब्धता पर सरकार का फोकस प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि “खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में जो रोडमैप अभिभाषण में प्रस्तुत हुआ है, उससे मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।”

युवाओं के संदर्भ में भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि रोजगारोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास और उद्योग निवेश को बढ़ावा देने वाली नीतियाँ प्रदेश को नए अवसरों का केंद्र बनाएंगी। “सरकार की मंशा स्पष्ट है कि युवा नौकरी खोजने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बने यही नए मध्यप्रदेश की पहचान होगी,” उन्होंने कहा। महिला सशक्तिकरण पर विशेष टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक स्वावलंबन, सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी से जुड़ी योजनाएँ महिलाओं की भूमिका को परिवार से समाज और अर्थव्यवस्था के नेतृत्व तक विस्तारित करेंगी। उन्होंने इसे “नए सामाजिक परिवर्तन की आधार शिला” बताया। बुनियादी सुविधाओं पर उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार प्रदेश में निवेश, पर्यटन और औद्योगिक विकास की गति को तेज करेगा। श्री सिंह ने कहा कि अभिभाषण में प्रस्तुत विज़न केवल वर्तमान का एजेंडा नहीं बल्कि आने वाले दशक का विकास खाका है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह अभिभाषण आशावाद, विश्वास और विकास के संतुलित मॉडल को दर्शाता है और प्रदेश को विकसित राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जनभागीदारी के साथ इन संकल्पों को जमीन पर उतारकर मध्यप्रदेश को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

Leave a Comment

Read More