4 दिवसीय रक्तदान शिविर आज से, यह मानव सेवा का पवित्र यज्ञः पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

4 दिवसीय रक्तदान शिविर आज से, यह मानव सेवा का पवित्र यज्ञः पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह

पूर्व गृहमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 4 दिवसीय रक्तदान शिविर आज से *सागर।* मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेंद्र सिंह ने अपने सभी शुभचिंतकों, आमजनों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों से आग्रह किया है कि 16 मई से 19 मई को दीपाली होटल परिसर में आयोजित चार दिवसीय रक्तदान शिविर में रक्तदान करके मानव सेवा के पुनीत कार्य में अपना योगदान अवश्य दें। यह चार दिवसीय रक्तदान शिविर पूर्व गृहमंत्री मंत्री, वरिष्ठ विधायक श्री भूपेंद्र सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्वमंत्री  सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में इस तरह के आयोजन का यह दसवां वर्ष है। विगत नौ वर्षों में आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से 11125 यूनिट रक्त एकत्र करके सागर जिले, भोपाल के ब्लड बैंकों को भेंट किया था जिससे हजारों लोगों की जान बचाई गई है। गत वर्ष के रक्तदान शिविर में ही 1478 यूनिट रक्तदान किया गया जो रक्तदाताओं की उत्साहजनक भागीदारी का रिकॉर्ड है। पूर्व गृहमंत्री मंत्री श्री सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि इस बार भी हम अपने इस मानवता अभियान को पूरे जोश, सक्रियता, संकल्प और समर्पण भाव के साथ संचालित करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों से सागर के बुंदेलखण्ड मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय में कभी रक्त की कमी नहीं रहती इसका श्रेय शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को जाता है। रक्त बैंकों में हमेशा पर्याप्त रक्त का कोष व जरूरतमंदों को इसकी आपूर्ति बनी रहे व जनमानस में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़े इसके लिए आवश्यक है कि ज्यादा से ज्यादा रक्तदाता अपना योगदान करें। चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि रक्तदान करने से कई प्रकार के स्वास्थ्यगत लाभ होते हैं व नया रक्त बनने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने बताया है कि एक सर्वे के अनुसार भारत में हर दो सेकंड में किसी न किसी को रक्त की आवश्यकता होती है। एक बार किया गया रक्तदान तीन जिंदगियां बचा सकता है। जान के संकट से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्तदाता आशा की किरण की भांति हैं। रक्तदान का सीधा संबंध किसी का जीवन बचाने से है। सिंह ने कहा कि हमारे जीवन की सार्थकता तभी है जब आप किसी के काम आ सकें। सेवा कार्यों से जीवन में जो संतोष मिलता है वह अनमोल है। रक्तदान के माध्यम से की गई सेवा किसी मनुष्य के जीवन में वृद्धि करती है, इसीलिए रक्तदान का स्थान सर्वोपरि है। उल्लेखनीय है कि दीपाली होटल प्रांगण में 16, 17, 18 एवं 19 मई के चारों दिवस प्रातः 9 बजे से शाम 6 बजे तक रक्तदान के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, पूरी चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ रक्तदान कराने हेतु उपस्थित रहेगा।

Leave a Comment

Read More