
बंडा में डीआईजी शशीन्द्र चौहान का जनसंवाद, पुलिसकर्मियों का सम्मान और गोसेवा
जनता के बीच पहुंचे सागर रेंज के डीआईजी, सुनीं समस्याएं; उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार
बंडा, सागर। पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक, सागर रेंज श्री शशीन्द्र चौहान (IPS) ने 14 अगस्त 2026 को पुलिस अनुभाग बंडा का भ्रमण किया। बंडा पहुंचने पर एसडीओपी श्री प्रदीप वाल्मीकि ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी श्री चौहान ने सहज वातावरण में नागरिकों से चर्चा कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली एवं स्थानीय समस्याओं को जाना तथा लोगों से सुझाव भी प्राप्त किए।
डीआईजी ने कहा कि पुलिसिंग की सफलता केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के मन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार
डीआईजी श्री चौहान ने एसडीओपी कार्यालय एवं पुलिस अनुभाग बंडा में पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यगत चुनौतियों एवं समस्याओं की जानकारी ली। बेहतर कार्य एवं उत्कृष्ट कर्तव्य निष्पादन के लिए सात पुलिसकर्मियों को कुल ₹1,550 की नगद राशि से पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कृत पुलिसकर्मियों में सउनि कृष्ण कुमार करौलिया, प्र.आर. 99 दिनेश कुमार साहा, आरक्षक 1200 जितेन्द्र कुमार, आरक्षक 454 प्रहलाद सिंह, आरक्षक 1110 अशोक कुमार, आरक्षक चालक 44 प्रियाचरण धाकड़ एवं महिला आरक्षक 663 प्रियंका चडारिया शामिल हैं।
डीआईजी ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग करने वाले पुलिसकर्मियों को सदैव प्रोत्साहित किया जाएगा।
मंदिर चोरी की घटना पर दिए दिशा-निर्देश
बंडा नगर में हाल ही में हुई मंदिर चोरी की घटना को लेकर डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने घटना के शीघ्र खुलासे, संदिग्धों की पतारसी तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
दयोदय गौशाला में गोसेवा और पौधारोपण
भ्रमण के दौरान डीआईजी श्री शशीन्द्र चौहान दयोदय गौशाला बंडा पहुंचे। उन्होंने गौशाला में गोवंश को चारा खिलाया और गोसेवा की। इसके बाद गौशाला परिसर में सतपर्णी का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
दयोदय गौशाला प्रबंधन समिति एवं जीवदया संगठन बंडा की ओर से डीआईजी का आत्मीय सम्मान किया गया तथा उन्हें गोवंश का स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। डीआईजी ने संस्था द्वारा गोसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
डीआईजी का बंडा भ्रमण पुलिस और जनता के बीच संवाद, संवेदनशीलता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। जनसंवाद, पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन, मंदिर चोरी की घटना पर दिशा-निर्देश तथा गोसेवा एवं पौधारोपण जैसी गतिविधियों ने भ्रमण को विशेष रूप से सार्थक बनाया।











