शासकीय संभागीय आईटीआई सागर में इंडस्ट्री मीट आयोजित

SHARE:

प्लेसमेंट, ऑन जॉब ट्रेनिंग, ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग एवं मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना पर हुआ विस्तृत संवाद

सागर 08 अक्टूबर 2026

शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, सागर एवं टाटा स्ट्राइव के संयुक्त तत्वावधान में संस्था परिसर में इंडस्ट्री मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों को उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार एवं प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ प्लेसमेंट, ऑन जॉब ट्रेनिंग (OJT), ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (DST) एवं मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना (MMSKY) के संबंध में उद्योग जगत एवं आईटीआई के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

कार्यक्रम में सागर जिले के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के उद्योगपति, प्रबंधक एवं एचआर प्रतिनिधि शामिल हुए। उद्योग प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक कौशल, तकनीकी दक्षता, अनुशासन, कार्यस्थल पर व्यवहार, अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता  प्रभु दयाल कुशवाहा ने की। मुख्य अतिथि  अरविंद भाईजी, चेयरमेन, आईएमसी, शासकीय संभागीय आईटीआई सागर रहे। उन्होंने कहा कि आईटीआई एवं उद्योगों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित होने से प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के साथ वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने उद्योगों से अधिक से अधिक आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठानों के पंजीयन एवं प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करने से होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग एवं ऑन जॉब ट्रेनिंग के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्य परिस्थितियों से जोड़ने तथा उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर संस्था के अधिकारियों एवं टाटा स्ट्राइव के प्रतिनिधियों ने उद्योग प्रतिनिधियों के साथ रोजगार एवं प्रशिक्षण से संबंधित संभावनाओं पर चर्चा की। उद्योगपतियों एवं एचआर प्रतिनिधियों ने आईटीआई के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर युवाओं को अधिकाधिक रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य  अमरनाथ साकेत ने सभी अतिथियों, उद्योगपतियों, एचआर प्रतिनिधियों, टाटा स्ट्राइव के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की इंडस्ट्री मीट आईटीआई एवं उद्योग जगत के बीच सेतु का कार्य करेगी तथा प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर रोजगार एवं कैरियर के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, सागर द्वारा भविष्य में भी उद्योगों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को कौशल, प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें