₹210 की स्केटिंग योजना से निखरी खेल प्रतिभाएं, यूपी स्टेट चैम्पियनशिप में ग्रेटर नोएडा का शानदार प्रदर्शन

SHARE:

कोच चरण सिंह ने जीता कांस्य पदक, जूनियर गर्ल्स टीम ने हासिल किया रजत; तीनों का बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए चयन

ग्रेटर नोएडा, 25 अक्टूबर 2026। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आम जनता और नन्हें खिलाड़ियों के लिए शुरू की गई मात्र ₹210 शुल्क वाली स्केटिंग योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। 12वीं यूपी स्टेट रोलर स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप एवं नेशनल-2026 (रोलर डर्बी) के चयन ट्रायल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के खिलाड़ियों और कोच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया।

कोच चरण सिंह ने जीता कांस्य पदक

चैम्पियनशिप में सीनियर बॉयज रोलर डर्बी वर्ग में शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्केटिंग कोच चरण सिंह ने मैदान पर उतरकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, जूनियर गर्ल्स रोलर डर्बी वर्ग में कोच के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं जीवंशी और शब्दित श्रीवास्तव ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

बेंगलुरु में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में दिखाएंगे दम

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर कोच चरण सिंह, जीवंशी और शब्दित श्रीवास्तव का चयन राष्ट्रीय रोलर स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 5 से 15 दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर चयन से खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

प्रशासनिक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से मिली सफलता

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली के निरीक्षण और मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, स्केटिंग कोच चरण सिंह के तकनीकी मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और मेहनत से खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।

₹210 की योजना का उद्देश्य छिपी प्रतिभाओं को मंच देना

क्रीड़ा अधिकारी और स्केटिंग कोच चरण सिंह के अनुसार, मात्र ₹210 के किफायती शुल्क पर शुरू की गई स्केटिंग योजना का उद्देश्य जमीनी स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और नियमित प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप वे राज्य स्तर पर पदक जीतने के साथ अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।

इस उपलब्धि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रशासन, खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई दी। साथ ही बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें