
स्त्री रोग, शिशु रोग, मेडिसिन, श्वसन रोग एवं त्वचा रोग विभाग के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
सागर,28 अक्टूबर 2026
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ,सागर में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रथम तल पर नवीन दवा वितरण केंद्र शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य मरीजों को दवाइयां आसानी से उपलब्ध कराना और दवा प्राप्त करने में होने वाली परेशानी को कम करना है।
मेडिकल कॉलेज में उपचार कराने वाले मरीजों को कई बार दवाइयां लेने के लिए इधर-उधर जाना पड़ता है। प्रथम तल पर दवा वितरण केंद्र शुरू होने से मरीजों को दवाइयां प्राप्त करने में आसानी होगी और उनका समय भी बचेगा।
डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दवा वितरण केंद्र से स्त्री रोग विभाग, शिशु रोग विभाग, मेडिसिन विभाग, श्वसन रोग विभाग और डर्मेटोलॉजी (त्वचा रोग) विभाग में उपचार कराने वाले मरीजों को लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को दवाइयां प्राप्त करने में सुविधा होगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम तल पर दवा वितरण केंद्र शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां प्राप्त करने में सहूलियत होगी और अस्पताल की व्यवस्थाएं अधिक सुविधाजनक बनेंगी।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज प्रशासन की इस पहल से मरीजों को उपचार के दौरान दवाइयां प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।







