अतिवृष्टि से फसल क्षति का सर्वे शुरू, प्रभावित किसानों को नियमानुसार मिलेगी राहत

SHARE:


कलेक्टर ने सभी एसडीएम को शत-प्रतिशत और पारदर्शी सर्वे के दिए निर्देश
सागर, 29 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के परिपालन में सागर जिला प्रशासन ने अतिवृष्टि एवं बेमौसम बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का त्वरित आकलन और मैदानी सर्वे शुरू कर दिया है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन की फसलों को हुए नुकसान का पारदर्शी और शत-प्रतिशत सटीक सर्वे किया जाए। अतिवृष्टि से विशेष रूप से सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित अन्य दलहन और तिलहन फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
खेतों में पहुंचकर होगा प्रत्यक्ष निरीक्षण
सर्वे टीमों को प्रभावित खेतों में पहुंचकर प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। पटवारी व्यक्तिगत रूप से खेतों का निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन करेंगे, ताकि कोई भी पात्र किसान सर्वे से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कर विस्तृत सर्वेक्षण प्रतिवेदन जिला मुख्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सर्वे पूरा होते ही तैयार होगी किसानों की सूची
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि सर्वेक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित किसानों की सूची तैयार की जाएगी। जिन किसानों की फसलें अतिवृष्टि से प्रभावित पाई जाएंगी, उन्हें नियमानुसार त्वरित राहत राशि स्वीकृत कराई जाएगी।
प्रशासन ने मैदानी अमले को सर्वे के दौरान वास्तविक फसल क्षति का सही आकलन करने तथा पात्र किसानों को राहत से वंचित न रहने देने के निर्देश दिए हैं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें