
64 स्थाई वारंट तामील, 204 गिरफ्तारी वारंटियों की गिरफ्तारी; 328 गुंडा-हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग
सागर, 30 सितंबर 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, फरार अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सागर पुलिस ने 29 सितंबर की रात जिलेभर में सघन ‘कांबिंग गश्त’ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन और प्रत्यक्ष नेतृत्व में चले इस अभियान में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पूरी रात मैदान में सक्रिय रहे।
अभियान के दौरान वारंटियों, फरार आरोपियों, गुंडा-हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी अपराधियों की चेकिंग के साथ होटल, ढाबों, संदिग्ध स्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में दबिश दी गई।
287 मामलों में कार्रवाई
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 64 स्थाई वारंट तामील किए, जबकि 204 गिरफ्तारी वारंटों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा धारा 170 BNSS के तहत 15 आरोपियों पर कार्रवाई तथा गंभीर मामलों में फरार 4 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
अभियान के दौरान कुल 287 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई।
328 गुंडा-हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग
पुलिस टीमों ने 328 गुंडा, हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी अपराधियों की भौतिक रूप से चेकिंग की। उनकी वर्तमान गतिविधियों, आवागमन और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई।
इसके साथ ही 183 होटल, ढाबों एवं संदिग्ध स्थानों पर औचक दबिश देकर जांच की गई।
अवैध शराब पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ 4 प्रकरण दर्ज कर शराब जब्त की गई। यातायात एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की गई। थाना खुरई क्षेत्र में धारा 185 एमवी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
एसपी पूरी रात रहे फील्ड में
कांबिंग गश्त की मॉनिटरिंग के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया स्वयं पूरी रात फील्ड में मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों की कार्रवाई का जायजा लिया और मौके से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक तथा जिले के सभी एसडीओपी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमों के साथ कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
पुलिस के अनुसार, इस सामूहिक अभियान से जिलेभर में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति और अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई का संदेश गया है।
अपराधियों को नहीं मिलेगा अवसर
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर जिले में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। फरार आरोपियों, वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध इस तरह के सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







