गरबा पंडालों में मर्यादित संगीत और निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य, डीजे संचालकों की बैठक लेकर पुलिस ने दिए दिशा-निर्देश
सागर। नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सागर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना कैंट में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में तथा थाना प्रभारी की उपस्थिति में शहर के डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादा के अनुरूप संगीत बजाया जाए। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के साथ निर्धारित समय-सीमा, यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध
पुलिस ने डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जाए। ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि विद्यार्थियों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और आसपास रहने वाले नागरिकों को परेशानी न हो। गरबा पंडालों में अश्लील, आपत्तिजनक अथवा किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीतों का इस्तेमाल नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
प्रेशर हॉर्न पर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने डीजे वाहनों में प्रेशर हॉर्न के उपयोग को प्रतिबंधित बताते हुए इसका इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का प्रयोग आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता है। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डीजे वाहनों की ऊंचाई और सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में डीजे वाहनों में अनधिकृत बदलाव नहीं करने, उपकरणों को सुरक्षित तरीके से लगाने तथा वाहन की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। अधिक ऊंचाई वाले वाहनों से बिजली के तारों, पेड़ों और पुलों से टकराने की आशंका बनी रहती है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
इसके साथ ही डीजे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी चालक रखने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने और वाहन पर क्षमता से अधिक लोगों को नहीं बैठाने की हिदायत दी गई।
शांति और सौहार्द के साथ मनाएं नवरात्रि
सागर पुलिस ने डीजे संचालकों, गरबा आयोजकों और नागरिकों से अपील की है कि नवरात्रि पर्व को धार्मिक आस्था, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। संगीत की मर्यादा बनाए रखें, ध्वनि प्रदूषण से बचें और यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।







