ई-फाइल और ई-रिसीट के जरिए शासकीय कार्यों के ऑनलाइन निष्पादन का दिया गया प्रशिक्षण
सागर, 14 अक्टूबर 2026। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर में बुधवार को डॉक्टरों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए ई-ऑफिस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), सागर के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी डेलन प्रजापति ने प्रतिभागियों को ई-ऑफिस प्रणाली की कार्यप्रणाली और इसके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान ई-फाइल एवं ई-रिसीट के माध्यम से शासकीय कार्यों के ऑनलाइन निष्पादन की प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया गया। इसमें फाइलों के डिजिटल प्रबंधन तथा ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्यालयीन कार्यों को ऑनलाइन संपादित करने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
कागज रहित कार्यालय व्यवस्था को मिलेगा प्रोत्साहन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मेडिकल कॉलेज में डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना, कागज रहित कार्यालय व्यवस्था को प्रोत्साहित करना तथा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग से कार्यालयीन प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
सभी संबंधित कर्मचारियों को ई-ऑफिस से कार्य करने के निर्देश देने का अनुरोध
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन से मुलाकात कर अनुरोध किया गया कि सभी संबंधित डॉक्टरों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही शासकीय कार्यों का निष्पादन करने के निर्देश दिए जाएं। इससे संस्थान में डिजिटल व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने और कार्यालयीन कार्यों में ऑनलाइन प्रणाली के उपयोग को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, सागर की यह पहल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







