सत्यनिष्ठा से ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव : विश्वविद्यालय में सतर्कता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

SHARE:

कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत शिक्षा शास्त्र विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. दुबे के नेतृत्व में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा जवाबदेही बनाए रखने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों के संरक्षण, कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन तथा संस्थागत कार्यसंस्कृति में सत्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार जैन तथा विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं फार्मेसी विभागाध्यक्ष प्रो. उमेश के. पाटिल के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय, संकाय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. अजीत जायसवाल, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. डी.के. नेमा, उपकुलसचिव श्री सतीश कुमार तथा सहायक कुलसचिव श्री आशीष तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस समारोह का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय में नैतिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुशासन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सत्यनिष्ठा केवल व्यक्तिगत सदाचार का विषय नहीं, बल्कि संस्थागत विश्वसनीयता, सुशासन और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है।
आयोजन समिति में डॉ. पुष्पिता राजावत ने संयोजक, डॉ. चिंतन वर्मा ने समन्वयक तथा डॉ. नवीन सिंह ने आयोजन सचिव के रूप में दायित्वों का निर्वहन किया। समिति के सदस्य डॉ. अर्पणा श्रीवास्तव, डॉ. शकिला खान, डॉ. शिवशंकर यादव एवं डॉ. कंचन चौरसिया ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन प्रतिवर्ष सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, नैतिकता एवं भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जाता है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश को साकार करने तथा पारदर्शी, उत्तरदायी एवं मूल्यनिष्ठ कार्यसंस्कृति के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें