IPS अनुराग सुजानिया ने दिया इस्तीफा, सागर SP पद से हटाए जाने के चार दिन बाद लिया बड़ा फैसला

SHARE:

भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया ने भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है। खास बात यह है कि उन्हें सागर पुलिस अधीक्षक के पद से हटाए जाने के महज चार दिन बाद ही उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुराग सुजानिया ने सोमवार, 2 नवंबर 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे में उन्होंने नौकरी छोड़ने के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, उनके इस फैसले के पीछे किसी अन्य वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छह महीने तक संभाली सागर SP की जिम्मेदारी

अनुराग सुजानिया को करीब छह महीने पहले सागर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया था। हाल ही में राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उन्हें सागर एसपी पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर पदस्थ किया था।

स्थानांतरण आदेश के चार दिन बाद ही उनके इस्तीफे की खबर सामने आने से पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

कई जिलों में संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारियां

2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। सागर में पदस्थापना से पहले वे भोपाल पुलिस मुख्यालय में AIG के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा वे शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी तथा मंदसौर और मुरैना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

मुख्यमंत्री की PHQ में प्रस्तावित बैठक से बढ़ी हलचल

इसी बीच मुख्यमंत्री का मंगलवार शाम भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) पहुंचकर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। आईपीएस अधिकारी के इस्तीफे की खबर के बीच इस बैठक को लेकर भी पुलिस महकमे में चर्चा हो रही है।

फिलहाल अनुराग सुजानिया के इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों का ही उल्लेख सामने आया है। उनके इस्तीफे को लेकर आगे शासन स्तर पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें