विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के प्रयासों से मिली स्वीकृति, दूरस्थ गांवों की बेटियों को नरयावली में रहकर शिक्षा जारी रखने की मिलेगी सुविधा
नरयावली विधानसभा क्षेत्र में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा की राह सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के सतत् प्रयासों से विधानसभा मुख्यालय नरयावली में 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से 50 सीटर नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्या छात्रावास की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
नरयावली जैसे कस्बाई क्षेत्र में इस छात्रावास की स्वीकृति महज एक भवन निर्माण नहीं, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं की शिक्षा को निरंतरता देने की महत्वपूर्ण पहल है। सांदीपनि विद्यालय एवं शासकीय महाविद्यालय नरयावली में अध्ययनरत विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामों की छात्राओं को इससे आवासीय सुविधा मिलेगी। आवागमन की दूरी और रहने की व्यवस्था के अभाव में पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या से उन्हें राहत मिलेगी।
50 छात्राओं की क्षमता वाला यह छात्रावास आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप आवासीय सुविधाओं से युक्त होगा। इसमें छात्राओं के निवास, अध्ययन, भोजन एवं दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे उन्हें सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
नरयावली में कन्या छात्रावास की स्वीकृति बेटियों की शिक्षा, उनके उज्ज्वल भविष्य और ग्रामीण अंचल में शैक्षणिक अवसरों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विधायक इंजी. प्रदीप लारिया द्वारा क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के क्रम में मिली यह स्वीकृति नरयावली के शैक्षणिक विकास को नया आयाम देगी। इसका सबसे महत्वपूर्ण लाभ यह होगा कि दूरस्थ गांवों की बेटियां नरयावली में रहकर अपनी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रख सकेंगी।







