सागर 02 नवंबर 2026
दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को ग्राम पड़रिया में प्राप्त सूचना के आधार पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सामूहिक छापामार कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान ग्राम पड़रिया बीना निवासी सुरेंद्र सिंह ठाकुर के यहां से डीएपी खाद की 20 बोरियां पाई गईं। खाद की गुणवत्ता संदिग्ध होने पर मौके पर ही उसका नमूना लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया था।
प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में डीएपी खाद का नमूना अमानक पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षक श्री दीपेश मोघे ने बताया कि प्रयोगशाला जांच में खाद का नमूना अमानक पाया गया है, जिसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उक्त कार्रवाई के दौरान तहसीलदार हेमराज मेहर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय, कृषि विस्तार अधिकारी अजहर अभिषेक कौशिक, सचिन चतुर्वेदी, ग्राम सचिव, ग्राम कोटवार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे खाद एवं उर्वरक हमेशा अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा खरीदते समय पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें।







