EOW की बड़ी कार्रवाई: नगर परिषद बक्सवाहा की CMO व उपयंत्री रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई: नगर परिषद बक्सवाहा की CMO व उपयंत्री रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
छतरपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) सागर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद बक्सवाहा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
ईओडब्ल्यू को बक्सवाहा निवासी आवेदक हरिओम पिता बहोरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि CMO ने उनसे आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास की मंजूरी के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। बाद में सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायत की पुष्टि के बाद ईओडब्ल्यू ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
ट्रैप के दौरान आवेदक से रिश्वत की राशि उपयंत्री शोभित मिश्रा को दिलवाई गई। जैसे ही राशि ली गई, ईओडब्ल्यू टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर रिश्वत की रकम बरामद की गई।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, आवेदक का आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवेदन नगर परिषद में लंबित था। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में ईओडब्ल्यू सागर की टीम—उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, आरक्षक एवं महिला आरक्षक—की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More