सड़क हादसों पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी ने दिए बड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट से लेकर फ्लाईओवर तक बनी कार्ययोजना

मध्यप्रदेश भोपाल विशेष संवाददाता राजकुमार दुबे नरसिंहपुर

सड़क हादसों पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी ने दिए बड़े निर्देश, ब्लैक स्पॉट से लेकर फ्लाईओवर तक बनी कार्ययोजना
नरसिंहपुर जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, मुख्य कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अरविंद किटहा, यातायात निरीक्षक ममता तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

बैठक में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सड़क मार्गों पर मौजूद गड्ढों एवं साइड शोल्डरों के तत्काल भराव के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा संबंधी अन्य उपाय सुनिश्चित करने को कहा। जिले के चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए

कलेक्टर ने कहा कि जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

बैहर तिराहा पर फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा शहर में यातायात सुधार के लिए सर्विस लाइन (ले-बाय) विकसित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ब्लैक स्पॉट्स पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, रिफ्लेक्टर लगाने, स्पीड लिमिट संकेतक बोर्ड स्थापित करने एवं सड़क किनारे साइड शोल्डर विकसित करने पर भी जोर दिया गया

गाडरवारा नगर में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। वहीं नरसिंहपुर के विपतपुरा अंडरपास में बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाईट बैरियर की ऊंचाई कम करने का निर्णय लिया गया, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके

बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए

Leave a Comment

Read More