
सागर पुलिस
“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान
दिवस-15 | दिनांक: 29 जुलाई 2026
स्थानीय खेल प्रशिक्षकों एवं सागर पुलिस की संयुक्त पहल से जिलेभर में खिलाड़ियों के मध्य नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
खेल मैदानों में वृक्षारोपण, नशामुक्ति शपथ एवं युवाओं को स्वस्थ जीवन का संदेश
सागर, 29 जुलाई 2026।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत दिवस-15 पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थानीय खेल प्रशिक्षकों (कोच) एवं खेल विभाग के सहयोग से खिलाड़ियों के मध्य व्यापक नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के खेल मैदानों, स्टेडियमों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रशिक्षकों तथा खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में बताया गया कि खेल अनुशासन, सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली एवं राष्ट्र निर्माण का माध्यम है, जबकि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, करियर और समाज के लिए गंभीर खतरा है।
थाना गोपालगंज में आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ थाना प्रभारी श्री घनश्याम शर्मा एवं संभागीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर के संयुक्त प्रयासों से लगभग 150 खिलाड़ियों, विभिन्न खेल प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता में प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण से हुआ। पुलिस अधिकारियों, खेल विभाग के अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवन एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया। इस अवसर पर युवाओं को समझाया गया कि जिस प्रकार एक पौधे के समुचित विकास के लिए स्वच्छ वातावरण आवश्यक होता है, उसी प्रकार जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए नशे से दूर रहना अनिवार्य है।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, संयम एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। नशा इन सभी गुणों को नष्ट कर व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। खिलाड़ियों से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
अभियान के अंतर्गत जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के समापन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल विभाग के अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
सागर पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के माध्यम से जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, खेल संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित सागर के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
सागर पुलिस की अपील
“खेल को अपनाइए, नशे को ठुकराइए। स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आइए, हम सभी नशामुक्त सागर के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।”











