कैंट पुलिस की मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई


थाना कैंट जिला सागर
दिनांक 14/08/26

कैंट पुलिस की मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

दमोह से गांजा लेकर सागर में बिक्री करने आए दो आरोपी गिरफ्तार, 2 किलो 272 ग्राम गांजा एवं मोटरसाइकिल जब्त

जिला सागर (म.प्र.) | दिनांक 14.08.2026

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया (भापुसे) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सागर  ललित कुमार कश्यप के निर्देशन में थाना केंट पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 13.08.2026 को थाना केंट पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति दमोह-मकरोनिया की ओर से अवैध गांजा लेकर सागर में बिक्री करने के उद्देश्य से आ रहे हैं।

सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान न्यू ओवर ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 2 किलो 272 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹25,400/- है, बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 34 ZH 4353 को भी विधिवत जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. खिलान सेन, पिता स्व. जालम सेन, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम घुरेटा, थाना बटियागढ़, जिला दमोह।
  2. महेन्द्र सेन, पिता स्व. किशोरी सेन, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम घुरेटा, थाना बटियागढ़, जिला दमोह।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध NDPS Act के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी केंट  रोहित डोंगरे, उप निरीक्षक संजय बामनिया, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक भानु प्रताप चौधरी, आरक्षक देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

सागर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment

Read More