
देवरी में बस किराया वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, हर्ष यादव के नेतृत्व में निकली रैली
राज्यपाल के नाम 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर किराया वृद्धि वापस लेने की मांग, ग्रामीण विद्यार्थियों-महिलाओं को रियायत और जर्जर सड़कों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया
देवरी। मध्यप्रदेश में बस किराये में की गई वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को देवरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से विरोध रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बस किराया वृद्धि वापस लेने सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रैली के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार देवरी को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
60 प्रतिशत तक किराया वृद्धि का विरोध
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई और बढ़ते घरेलू खर्च से परेशान है। ऐसे समय में सार्वजनिक परिवहन का किराया 60 प्रतिशत तक बढ़ाना आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला निर्णय है। कांग्रेस ने सरकार से किराया वृद्धि पर तत्काल पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 2021 में भी बस किराये में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। अब करीब पांच वर्ष बाद दोबारा भारी वृद्धि से प्रदेश के लाखों दैनिक यात्रियों पर सीधा असर पड़ेगा।
विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों पर पड़ेगा असर
कांग्रेस ने ग्रामीण विद्यार्थियों की परेशानी को प्रमुखता से उठाया। नेताओं के मुताबिक देवरी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों से छात्र-छात्राएं 30 से 40 किलोमीटर तक की दूरी तय कर स्कूल और कॉलेज पहुंचते हैं। किराया बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा।
कांग्रेस ने ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए विशेष बस पास, रियायती किराया अथवा चिन्हित मार्गों पर निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
महिलाओं और कामगारों के लिए रियायती पास की मांग
ज्ञापन में महिलाओं के लिए निःशुल्क या रियायती बस यात्रा की सुविधा देने की मांग भी की गई। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं, मजदूरों और निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों के लिए मासिक एवं त्रैमासिक रियायती बस पास लागू करने की मांग रखी गई।
किराया बढ़ाने से पहले सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
कांग्रेस ने कहा कि बस किराया बढ़ाने से पहले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा मिलना जरूरी है। सभी बसों में निर्धारित सीट क्षमता, फिटनेस, स्वच्छता, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक चिकित्सा जैसी अनिवार्य सुविधाओं का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए।
ग्रामीण एवं दूरस्थ मार्गों पर पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने और ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने की मांग भी की गई।
देवरी की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठा
कांग्रेस ने बस किराया वृद्धि के साथ देवरी विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने आरोप लगाया कि कई सुदूर और मुख्यमंत्री सड़कें खराब हालत में हैं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
पुरानापास मार्ग तथा हाईस्कूल तिराहा से विवेकानंद चौराहा तक मुख्य मार्ग की बदहाली पर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस ने इन मार्गों का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की।
हल्द्वानी घटना के विरोध में भी दिया धरना
रैली और ज्ञापन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंच को गंगाजल से पवित्र किए जाने के कथित घटनाक्रम के विरोध में भी प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने कचहरी तिराहा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरना दिया और घटना पर विरोध जताया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बस किराया वृद्धि वापस लेने, विद्यार्थियों एवं महिलाओं को राहत देने, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने और देवरी क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण सहित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस नागरिकों को साथ लेकर गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री हर्ष यादव, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष वावा, राजौरिया गौरव पाण्डेय, अनंतराम रजक, शुभम मिश्रा, रजनीश जैन, सतीश राजौरिया, बिजय गोवा, औकार विश्वकर्मा, वीरेन्द्र लोधी, राहुल खटीक, आनंद बिश्वकर्मा, धर्मेन्द्र लखेरा, परसराम पटेल, उमाराम यादव, राजाराम ब्यारे, दामोदर ब्यारे, आंचल आठया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।











