किडजी स्कूल में बच्चों को गुड टच-बैड टच की दी जानकारी, सही जवाब देने वाले बच्चे हुए पुरस्कृत

किडजी स्कूल में बच्चों को गुड टच-बैड टच की दी जानकारी, सही जवाब देने वाले बच्चे हुए पुरस्कृत
सागर। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की सद्भावना शाखा एवं ज्ञान ज्योति शाखा द्वारा तिरुपति पुरम स्थित किडजी स्कूल में बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए उन्हें असहज स्पर्श की स्थिति में सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों से गुड टच-बैड टच से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों को यह भी समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें ऐसा स्पर्श करे जिससे वे असहज या असुरक्षित महसूस करें, तो उन्हें तुरंत उसका विरोध करना चाहिए और किसी भरोसेमंद अभिभावक, शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
डॉ. रचना जैन, सद्भावना शाखा अध्यक्ष  रश्मि जैन एवं ज्ञान ज्योति शाखा सचिव  रीना जैन ने बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी असहज परिस्थिति को छिपाने के बजाय तुरंत विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान किडजी स्कूल की संचालक, प्राचार्य, शिक्षिकाओं एवं डॉ. रचना जैन का सद्भावना शाखा एवं ज्ञान ज्योति शाखा की ओर से सम्मान किया गया। वहीं बच्चों को टॉफी, बिस्किट एवं स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में  मनीषा जैन, मोनिका जैन, संध्या जैन, शिल्पी जैन सहित अन्य बहनों ने सहयोग प्रदान किया। समापन अवसर पर श्रीमती रीना जैन ने सभी अतिथियों, स्कूल प्रबंधन एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सद्भावना शाखा की वर्तमान कार्यकारिणी में अध्यक्ष  रश्मि-आलोक जैन, सचिव  डाली चौधरी एवं कोषाध्यक्ष  अमिता जैन हैं। वहीं ज्ञान ज्योति शाखा की अध्यक्ष आत्मज्योति जैन, सचिव रीना जैन एवं कोषाध्यक्ष  प्रीती पटवारी हैं।
कार्यक्रम की जानकारी सद्भावना शाखा अध्यक्ष श्रीमती रश्मि आलोक जैन ने दी।

Leave a Comment

Read More