
नेहरू महाविद्यालय में छात्र सुविधाओं को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन, 13 मांगें रखीं
सतीष सेन देवरी सागर
देवरी कला। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित 13 मांगें रखी गईं।
एबीवीपी ने मांग की कि बीए, बीएससी एवं बीकॉम प्रथम और द्वितीय वर्ष के नए सिलेबस की सभी आवश्यक पुस्तकें महाविद्यालय के पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराई जाएं। छात्राओं के लिए गर्ल्स कॉमन रूम तथा सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन की व्यवस्था करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में महाविद्यालय की गैलरी में क्षतिग्रस्त टाइल्स की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा गया कि टूटी टाइल्स के कारण विद्यार्थियों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। एनएसएस विद्यार्थियों के प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय के ग्राउंड को व्यवस्थित करने और रनिंग ट्रैक की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
परिषद ने महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की मांग की। विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, वाटर कूलर की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए निर्धारित समय-सारणी बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
महाविद्यालय परिसर में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, वॉशरूम की प्रतिदिन सफाई कराने और परिसर को स्वच्छ रखने की मांग की गई। साथ ही निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का नियमित एवं अनिवार्य संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
महाविद्यालय के बाहर बाइक स्टैंड के समीप छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय-वॉशरूम की व्यवस्था करने की मांग की गई। परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने वाले बाहरी व्यक्तियों पर रोक लगाने, सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई।
एबीवीपी ने पिछले तीन वर्षों से लंबित एनएसएस कैंप का शीघ्र आयोजन कराने तथा जिन विद्यार्थियों के एनएसएस प्रमाण-पत्र लंबित हैं, उन्हें तत्काल उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा महाविद्यालय में बाहर से आने वाले अभिभावकों के बैठने के लिए उचित सिटिंग एरिया बनाने और छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
विद्यार्थी परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से सभी मांगों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर छात्रहित में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में एबीवीपी नगर मंत्री वैभव खत्री, शासकीय नेहरू महाविद्यालय अध्यक्ष सत्यम बोहरे, अंकित प्रजापति, प्रथम ठाकुर, शिवा नामदेव, सत्यम पटेल, दीपक पटेल, समीर राजपूत, भूपेंद्र दुबे, अजय बंसल, शिवम सोनी, मोहित पटवा एवं अतुल प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।











