जन्माष्टमी पर रुद्राक्ष धाम में भजन क्लबिंग का भव्य आयोजन, केशवम् बैंड दिल्ली देगा प्रस्तुति


सागर। भगवान वासुदेव श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर 4 सितंबर, शुक्रवार को रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर एवं श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
जन्माष्टमी के अवसर पर प्रातः 9 बजे राधे-राधे मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर में भी भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शाम 4 बजे केशवम् बैंड, दिल्ली द्वारा विशेष भजन क्लबिंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार करेंगे। भजन क्लबिंग में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर होंगे।
वहीं, रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जन्मोत्सव के पश्चात भव्य आतिशबाजी भी होगी। पूरे दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान इंस्पिरेशन अकादमी द्वारा श्री राधाकृष्ण जी की मनमोहक एवं मनोरम झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने सभी श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आयोजित जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सादर आमंत्रित किया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि जन्माष्टमी के दिन पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह के स्वर्गीय पिता दीवान अमोल सिंह  का भी जन्मोत्सव है। स्वर्गीय दीवान अमोल सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए 20 एकड़ भूमि दान में दी थी। इसी भूमि पर रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर का धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप विकसित हुआ है।

Leave a Comment

Read More