सागर में ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन को लेकर निगमायुक्त ने ट्रांसपोर्टरों और मैकेनिकों से की चर्चा


टेंडर में अधिक से अधिक सहभागिता कर अमावनी स्थित सर्वसुविधायुक्त कॉम्प्लेक्स में प्रतिष्ठान स्थानांतरित करने की अपील
सागर, 3 सितंबर 2026। शहर को भारी वाहनों के यातायात दबाव से मुक्त करने और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा अमावनी में विकसित किए गए ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक कॉम्प्लेक्स के सफल संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के नवीन भवन में निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री की अध्यक्षता में शहर के ट्रांसपोर्टरों और मैकेनिक वर्कशॉप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निगमायुक्त ने ट्रांसपोर्टरों एवं मैकेनिकों से विस्तृत चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही इंजीनियरों के माध्यम से निराकरण कराया गया। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टरों और मैकेनिकों से स्मार्ट सिटी द्वारा जारी निविदा में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार प्लॉट प्राप्त कर प्रतिष्ठानों को अमावनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करने की अपील की।
21 एकड़ में विकसित हुआ मेगा ट्रांसपोर्ट हब
निगमायुक्त  राजकुमार खत्री ने कहा कि सागर शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्रों से भारी वाहनों का दबाव कम करने के उद्देश्य से अमावनी में लगभग 21 एकड़ भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक कॉम्प्लेक्स विकसित किया गया है। यहां माल परिवहन व्यवसाय के लिए 1,600 से 4,200 वर्गफुट तक के 118 भूखंड ट्रांसपोर्टरों के लिए विकसित किए गए हैं। वहीं लगभग 207 वर्गफुट के 51 छोटे भूखंड मैकेनिक वर्कशॉप एवं स्पेयर पार्ट विक्रेताओं के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
परियोजना में भारी वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए चौड़ी सड़कें, डिवाइडर और रोटरी, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल, सफेद एलईडी स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय तथा 1 लाख लीटर क्षमता की ओवरहेड पानी की टंकी सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
आरक्षित वर्गों के लिए भी भूखंड
स्मार्ट सिटी द्वारा जारी निविदा में नियमानुसार वंचित वर्ग, दिव्यांगजन एवं विधवाओं के लिए अलग-अलग भूखंड आरक्षित किए गए हैं। निविदा के माध्यम से आरक्षित एवं अनारक्षित भूखंडों सहित अन्य आवश्यक जानकारी सार्वजनिक की गई है। इच्छुक ट्रांसपोर्टर एवं मैकेनिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निविदा में भाग लेकर प्लॉट प्राप्त कर सकते हैं।
शहर में कम होगा ट्रैफिक और प्रदूषण
निगमायुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहनों का संचालन स्थानांतरित होने से सागर शहर को कई स्तरों पर लाभ मिलेगा। मुख्य शहर में भारी ट्रकों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक जाम, ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही ऑयल एवं अन्य कचरे से होने वाली समस्याओं पर भी नियंत्रण होगा।
अमावनी में ट्रक परिवहन संचालन स्थानांतरित होने के बाद प्रतिदिन 100 से अधिक भारी मालवाहक ट्रकों का मुख्य शहर की सीमा में प्रवेश सीधे तौर पर कम होगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।
निगमायुक्त ने ट्रांसपोर्टरों एवं मैकेनिकों से अपील करते हुए कहा कि वे शहरहित में टेंडर प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता करें और अपने प्रतिष्ठानों को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित कर सागर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और बेहतर यातायात वाला शहर बनाने में सहयोग करें।
बैठक में ट्रक यूनियन अध्यक्ष आनंद विश्वकर्मा, सागर इंदौर रोडवेज से विनीत राठौर, रीतेश केशरवानी, न्यू सागर इंदौर ट्रांसपोर्ट से गजराज साहू, मधुर पार्सल सर्विस से विकास रेकवार सहित विभिन्न ट्रांसपोर्टर एवं मोहनलाल रेकवार, अनवर मिस्त्री, भरत सिंह ठाकुर, पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, मु. सफीक, लालू मिस्त्री, साबिर मिस्त्री सहित मैकेनिक वर्कशॉप संचालक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More