रैन बसेरा से इम्मानूएल स्कूल रोड और कगदयाऊघाटी से पीलीकोठी रोड यातायात प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे: कलेक्टर दीपक आर्य

-कलेक्टर दीपक आर्य ने निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक चंद्र शेखर शुक्ला के साथ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड अंतर्गत निर्माणाधीन रोडों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

-न्यू आरटीओ के पास निर्माणाधीन बस स्टैण्ड का किया औचक निरीक्षण

दिनांक 2 जनवरी 2024 दिन मंगलवार को कलेक्टर सह अध्यक्ष सागर स्मार्ट सिटी दीपक आर्य ने निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्र शेखर शुक्ला के साथ निमार्णाधीन रोडों का निरीक्षण किया। कलेक्टर आर्य ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए की रोड की चौड़ाई में एक ओर का कैरिजवे निर्माण पूरा करने के पश्चात ही दूसरी ओर का कार्य लगाएं ताकी रोड की एक ओर की चौड़ाई से नागरिकों की सुविधा के लिए वाहनों की आवाजाही सुगम रखी जा सके। एसआर-2ए तिली चौराहे से राजघाट तिराहे तक लगभग 600 मीटर लंबाई और 7-7 मीटर कैरिजवे के साथ दोनो ओर पाथवे व डिवाईडर सहित कुल 18 मीटर चौड़ाई की रोड का निर्माण किया जा रहा है। बेहतर रोड कनेक्टिविटी के लिए राजघाट तिराहे से न्यू आरटीओ रोड को गिरधारी पुरम तक जोड़ा जा रहा है। चौडाई बढ़ाने के बाद कुल 18.2 मीटर चौड़ी हुई इस निर्माणाधीन 3 किलोमीटर रोड को 400 मीटर बढ़ाकर गिरधारी पुरम रोड तक जोड़कर निर्मित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आर्य ने मेगासिटी तिराहा किशोर न्यायालय के पास लगे वृक्षों को सुरक्षित ट्रांसप्लांट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की इस तिराहे पर मिलने वाली सोमनाथपुरम रोड को जोड़ते हुए सुव्यवस्थित जंक्शन की ड्राइंग प्रस्तुत करें। उन्होनें न्यू आरटीओ के पास निर्माणाधीन बस टर्मिनल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बस ऑपरेटर्स ऑफिस हेतु स्थल उपलब्ध कराने के लिए बस स्टैण्ड पर एक ओर सुव्यवस्थित स्थल की ड्राईंग प्रस्तुत करने के निर्देश पीएमसी को दिए। डिग्री कॉलेज चौराहे का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए की इस चौराहे को व्यवस्थित करने के लिए तीन मढ़िया की ओर से रैन बसेरा की ओर जाने वाली सड़क का मोड़ स्मूथ बनाएं। उन्होंने रैन बसेरा से इम्मानूएल स्कूल तक निर्माणाधीन रोड पर लगी अनावश्यक विद्युत लाइनों एवं पोल को अन्य स्थल पर शिफ्ट कराने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारीयों को दिए। उन्होंने रोड निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा की स्मूथ कर्व तैयार करते हुए बिटूमिन से डिग्री कॉलेज चौराहे को सुव्यवस्थित व सुंदर बनाएं। उन्होने डिंपल पेट्रोल पंप चौराहे से कगदयाऊघाटी होते हुए पीलीकोठी जंक्शन तक के निर्माणाधीन रोड का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए की सभी निर्माणाधीन रोडों के चौराहों तिराहों पर मोड़ को स्मूथ बनाने का कार्य करें ताकि आवागमन में सुविधा रहे और मोड़ पर दुर्घटना की संभावना न रहे। पीलीकोठी जंक्शन से इस मार्ग को जोड़ते हुए व्यवस्थित करें। उन्होंने कहा की रैन बसेरा से इमान्यूअल स्कूल वाला मार्ग और कगदयाऊघाटी से पीलीकोठी मार्ग आने वाले समय में यातायात प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पुराने समय में डिंपल पेट्रोल पंप चौराहे से पीलीकोठी तक सिंगललेन मार्ग जरजर हालत में था और प्रकाश व्यवस्था भी नहीं थी। जिसके कारण यहां से वाहनों की आवाजाही कम होने के बाबजूद दुर्घटना की संभावनाएं बनी रहती थीं। अब स्मार्ट सिटीज मिशन अंतर्गत इस मार्ग पर डिवाईडर व स्ट्रीट लाईटस सहित सुव्यवस्थित रोड निर्मित होने से शहर के यातायात का एक बड़ा हिस्सा डायवर्ट होगा और शहर के वर्तमान मुख्य मार्गों से यातायात दबाव कम होगा।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालनयंत्री विद्युत अभिषेक सिंह राजपूत, सहायक यंत्री राजबाबू सिंह, अंशुल यादव, कृष्णा खाड़े, उपयंत्री अखिलेश ठाकुर, देवेन्द्र विश्वकर्मा, अमिता बघेल, कौशलेन्द्र तौमर, पीएमसी टीम लीडर, पीएमसी एक्सपर्ट एवं निर्माण ऐजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More