
प्रभु का आशीर्वाद सदा मुझ पर बना रहे और मैं गौ सेवा करता रहूं : विधायक शैलेंद्र जैन
विधायक शैलेंद्र जैन ने सुरखी गौशाला में शेड निर्माण के लिए की 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की
सागर।
सांवरे सरकार गौ पीठ सुरखी में श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमे कथा वाचक पंडित विपिन बिहारी जी महाराज के श्री मुख से राम कथा का वाचन किया जा रहा है। इसी कथा में सम्मिलित होने के लिए सागर विधायक शैलेंद्र जैन मंगलवार को सुरखी गौ शाला पहुंचे। इस दौरान व्यास पीठ के महाराज श्री विपिन बिहारी जी की कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथा के दौरान गौ पूजन भी किया गया।
कथा के बीच शैलेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि गौ सेवा पूरी धरती की सर्वश्रेष्ठ सेवा है। गाय सनातन धर्म में पूजनीय और वंदनीय हैं। प्रभु के आशीर्वाद से जिले भर में कई गौशालाओं को स्थापित करते हुए उनके सफल संचालन किया जा रहा है। उनका आशीर्वाद सदा इसी तरह मुझ पर बना रहे कि मैं गौ सेवा करता रहूं। इस दौरान विधायक शैलेंद्र जैन गौशाला में शेड निर्माण के लिए की 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की।
कथा वाचक विपिन बिहारी महाराज ने कहा कि विधायक शैलेंद्र जैन बड़े गौ भक्त हैं। उनकी दिन की शुरुआत गौ पूजन और ग्रास व रोटी देने के साथ ही होती है। विधायक शैलेंद्र जैन केवल गौ की ही नहीं बल्कि तीन टांगों वाले नंदी की सेवा करते हैं। उनके माध्यम से की जा रही गौ सेवा भाव को देखकर अन्य लोगों को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर महाराज जी ने भगवान श्री राम की कथा का वाचन किया।











